छठ महापर्व की शुरुआत होते ही घरों से लेकर घाटों तक भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है. कहीं छठ के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं, तो कहीं पूजा के लिए प्रसाद और दूसरी चीजों की तैयारी चल रही है. चार दिनों तक चलने वाले इस त्योहार में व्रती पूरे नियम और साफ-सफाई के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करते हैं. 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत हो चुकी है. आज यानी 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा. खरना के बाद व्रती 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू करेंगे. ऐसे में आइए जानते हैं आज पूजा के लिए शुभ मुहूर्त क्या रहेगा, साथ ही जानेंगे खरना का महत्व-
नहाय-खाय के बाद आज है खरनाछठ पूजा का पहला दिन नहाय-खाय होता है. इस दिन व्रती सुबह पवित्र नदी या तालाब में स्नान करते हैं. इसके बाद घर की अच्छी तरह सफाई की जाती है और सात्विक भोजन बनाया जाता है. 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू हो गया है. अब, आज 14 नवंबर को कार्तिक शुक्ल पंचमी के दिन खरना मनाया जाएगा. इस दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं. खरना के दिन प्रसाद बनाने का खास महत्व है. इस दिन मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर प्रसाद तैयार किया जाता है. इसमें गुड़, दूध और अरवा चावल से खीर बनाई जाती है. इसके साथ रोटी भी बनाई जाती है. प्रसाद तैयार करते समय साफ-सफाई और शुद्धता का पूरा ध्यान रखा जाता है.
शाम को सबसे पहले भगवान सूर्य और छठी मैया को खीर और रोटी का भोग लगाया जाता है. इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के दूसरे लोगों में भी प्रसाद बांटा जाता है. खरना का प्रसाद खाने के बाद ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है. इसके बाद व्रती न तो खाना खाते हैं और न ही पानी पीते हैं.
खरना पूजा और सूर्य अर्घ्य का शुभ समयपंचांग के अनुसार, खरना पूजा के लिए आज शाम 5 बजकर 22 मिनट से 7 बजकर 46 मिनट तक का समय सबसे शुभ रहने वाला है. इसके अलावा डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए 15 नवंबर की शाम 5 बजकर 24 मिनट तक का समय शुभ रहेगा. वहीं, उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए 16 नवंबर को सुबह 6 बजकर 7 मिनट के बाद का मुहूर्त शुभ रहेगा.
सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा होगा व्रतखरना के बाद रविवार, 15 नवंबर को व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे. इस दिन घाटों पर परिवार के लोग पूजा की टोकरी और प्रसाद लेकर पहुंचेंगे. इसके बाद सोमवार, 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. सूर्यदेव को जल अर्पित करने और छठी मैया की पूजा करने के बाद व्रती अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलेंगे. इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न होगा.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- जय छठी मईया ऊ जे केरवा जे फरेला खबद से...यहां पढ़ें छठी मैया की आरती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं