लोग अक्सर सोचते हैं कि स्किनकेयर सिर्फ सुबह फेस वॉश करने और रात में मॉइस्चराइजर लगाने तक ही सीमित है, लेकिन सच इससे कहीं आगे है. बदलता मौसम, खानपान, प्रदूषण और यहां तक कि हवाई यात्रा भी आपकी त्वचा को प्रभावित कर सकती है. खासकर फ्लाइट के दौरान केबिन की ड्राई हवा त्वचा की नमी छीन सकती है. ऐसे में सही स्किनकेयर रूटीन अपनाकर सफर के दौरान भी त्वचा को हाइड्रेटेड और हेल्दी रखा जा सकता है. यही वजह है कि कई सेलिब्रिटीज फ्लाइट में भी स्किनकेयर को अपनी रूटीन का हिस्सा बनाती हैं.
हाल ही में एक्ट्रेस त्रिशा कृष्णन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह फ्लाइट के दौरान शीट मास्क लगाए नजर आईं. हालांकि, ऐसा करने वाली वह पहली सेलिब्रिटी नहीं हैं. इससे पहले प्रियंका चोपड़ा समेत कई अन्य सितारे भी फ्लाइट में शीट मास्क लगाकर अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर चुके हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि क्या हवाई यात्रा के दौरान शीट मास्क लगाना वास्तव में त्वचा के लिए फायदेमंद है या यह सिर्फ एक ट्रेंड है.
क्या फ्लाइट में शीट मास्क लगाना फायदेमंद है?
फ्लाइट के दौरान शीट मास्क लगाने से त्वचा को क्या फायदे मिल सकते हैं. क्या फ्लाइट में शीट मास्क इस्तेमाल करना चाहिए. इन सब सवालों के जवाब अकिया एस्थेटिक्स की संस्थापक और चीफ डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. रूपिका सिंह ने दिए हैं. डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. रूपिका सिंह के अनुसार, फ्लाइट में शीट मास्क लगाना आमतौर पर सुरक्षित है, लेकिन यह ध्यान रखना जरूरी है कि आप किस तरह का शीट मास्क इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि हाइड्रेटिंग या जेल-आधारित शीट मास्क त्वचा को कुछ समय के लिए अतिरिक्त नमी देने में मदद कर सकते हैं. यह खासतौर पर फ्लाइट के दौरान फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि हवाई जहाज के केबिन के अंदर का वातावरण काफी ड्राई होता है. ऐसे में शीट मास्क त्वचा की नमी बनाए रखने और उसे ताजगी महसूस कराने में मदद कर सकता है.
फ्लाइट में शीट मास्क लगाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
डॉ. रूपिका सिंह के अनुसार, फ्लाइट में हाइलूरोनिक एसिड, सेरामाइड्स, ग्लिसरीन, एलोवेरा और पैंथेनॉल जैसे तत्वों वाले हाइड्रेटिंग शीट मास्क का इस्तेमाल करना बेहतर होता है. वहीं, यात्रा के दौरान एक्सफोलिएटिंग केमिकल्स, चारकोल मास्क, स्ट्रॉन्ग एक्टिव्स, पील-ऑफ मास्क और क्ले मास्क से बचना चाहिए, क्योंकि ये त्वचा में जलन और संवेदनशीलता बढ़ा सकते हैं.
फ्लाइट में शीट मास्क लगाने के फायदे
फ्लाइट के दौरान शीट मास्क इस्तेमाल करने का सबसे बड़ा फायदा त्वचा को नमी मिलना है. डॉ. सिंह बताती हैं कि हाइड्रेटिंग शीट मास्क त्वचा की खोई हुई नमी को वापस लाने में मदद करता है, जिससे त्वचा में खिंचाव कम महसूस होता है. लंबी और थकाने वाली उड़ान के बाद भी त्वचा मुलायम और आरामदायक महसूस कर सकती है. इसके अलावा, यह एयरप्लेन केबिन की कम नमी के कारण होने वाले डिहाइड्रेशन से भी बचाने में मदद करता है.
यह भी पढ़ें:- सोने का रानी हार और खूबसूरत पीकॉक झुमके, ऐसी थी रश्मिका मंदाना की शाही वेडिंग ज्वेलरी
यह भी पढ़ें:- क्या आपका बच्चा भी फोन देखे बिना खाना नहीं खाता, तो स्क्रीन की लत छुड़वाने के लिए अपनाए ये 3 तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं