विज्ञापन

तेज पत्ते का पौधा कैसे लगाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया तेज पत्ते के पौधे को घना करने के लिए क्या करें

गार्डनिंग एक्सपर्ट बाघसिंह पटेल ने तेज पत्ता उगाने और पौधे की देखभाल करने का सही तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

तेज पत्ते का पौधा कैसे लगाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया तेज पत्ते के पौधे को घना करने के लिए क्या करें
तेज पत्ते का पौधा गमले में कैसे लगाएं?
(Photo Credit: NDTV)

तेज पत्ता लगभग हर भारतीय रसोई में पाया ही जाता है. ये मसाला न केवल खाने के स्वाद और खुशबू को दोगुना बढ़ा देता है, बल्कि इसे सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. ऐसे में आप चाहें, तो बार-बार बाजार से खरीदने की बजाय अपने घर पर ही तेज पत्ते को उगा सकते हैं. इसे लेकर गार्डनिंग एक्सपर्ट बाघसिंह पटेल ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने तेज पत्ता उगाने और पौधे की देखभाल करने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

गमले में तेज पत्ते का पौधा कैसे लगाएं?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, गमले में तेज पत्ता लगाने के लिए अपने घर के आसपास की नर्सरी से करीब 1 से 3 फीट तक की कटिंग ले आएं. आपको कुछ दिनों तक इसे अपने घर में ऐसे ही रखना है, ताकि पौधा आसपास के वातावरण में ढल जाए. घर के इस्तेमाल के लिए एक या दो पौधे ही काफी होते हैं.

तेज पत्ते के पौधे के लिए मिट्टी कैसे तैयार करें?

बाघसिंह पटेल बताते हैं, तेज पत्ते के पौधे को ऐसी मिट्टी की जरूरत होती है, जिसमें पानी जमा न हो. मिट्टी वेल-ड्रेनिंग, भुरभुरी और पोषण से भरपूर रहनी चाहिए. इसके लिए गार्डन की मिट्टी में थोड़ी मात्रा में लाल मिट्टी, कोकोपीट और वर्मी कंपोस्ट डालकर अच्छी तरह मिला लें. अगर लाल मिट्टी नहीं है, तो इसकी जगह आप रेत या बालू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. पहली बार मिट्टी तैयार करते समय इसमें थोड़ी मात्रा में फंगीसाइड पाउडर भी जरूर डालें, ताकि नई मिट्टी में फंगस न लगे. इसके बाद आप चाहें, तो नीम की खली का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. 

तेज पत्ते के पौधे के लिए गमला कितना बड़ा होना चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, तेज पत्ते का पौधा अच्छी तरह बढ़ता है. इसलिए इसके लिए करीब 12 इंच या 15 इंच का गमला लिया जा सकता है. गमले में पानी निकलने के लिए ड्रेनेज होल जरूर होने चाहिए. पानी जमा रहने से पौधे की जड़े गल सकती हैं. इसलिए गमले में मिट्टी को भरने से पहले ड्रेनेज होल को अच्छी तरह खोल लें. 

गमले में कैसे लगाएं?

सबसे पहले ड्रेनेज होल को छोटे-छोटे पत्थरों या पत्ते से हल्का ढक लें. इसके बाद गमले में थोड़ी मिट्टी डालें. अब, नर्सरी से लाई हुई कटिंग को उसकी मिट्टी के साथ गमले में रखें. फिर ऊपर से थोड़ी और तैयार की हुई मिट्टी डालकर हल्के हाथ से दबा दें. अब, आपको पौधे को अच्छी तरह पानी देना है.

तेज पत्ते के पौधे को कहां रखें?

बाघसिंह पटेल बताते हैं, तेज पत्ते का पौधा धूप में अच्छी तरह बढ़ता है. इसलिए जिन इलाकों में ज्यादा ठंड पड़ती है, वहां इसे गमले में लगाना बेहतर है. जरूरत पड़ने पर सर्दियों में गमले को ऐसी जगह रखा जा सकता है जहां ठंड कम हो. गमले में लगाने के बाद तेज पत्ते के पौधे को अच्छी धूप वाली जगह पर रख दें. जितनी अच्छी धूप मिलेगी, पौधे की ग्रोथ उतनी अच्छी रहेगी. 

तेज पत्ते के पौधे को घना कैसे करें?

इसे लेकर एक्सपर्ट बताते हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपका तेज पत्ते का पौधा खूब हरा-भरा और घना रहे, तो समय-समय पर इसकी कटाई करते रहें. साथ ही तेज पत्ता केवल तब ही तोड़ें, जब ये हल्के हरे से गहरे हरे रंग का हो जाए. हल्के हरे पत्तों को नहीं तोड़ना चाहिए. पत्ते को हाथ से खींचने की बजाय कैंची से काटना बेहतर है. इससे टहनियों को नुकसान कम होता है. 

पत्तों को धूप में नहीं, छांव में सुखाएं

एक्सपर्ट बताते हैं, तोड़े गए तेज पत्तों को छांव में सुखाना चाहिए. तेज धूप में सुखाने से पत्तों की खुशबू कम हो सकती है. पूरी तरह सूखने के बाद आप इन्हें किचन में स्टोर करके रख सकते हैं और जरूरत के समय इस्तेमाल कर सकते हैं. 

इस तरह आप बड़ी ही आसानी से अपने घर पर तेज पत्ता उगा सकते हैं और जब चाहें, तब अपने खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- तुलसी के पौधे के लिए फर्टिलाइजर कैसे बनाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया तुलसी की ग्रोथ बढ़ाने के लिए क्या करें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com