Kitchen Sponge Cleaning: बर्तन को मांजने के लिए स्पंज या कहें जूना बहुत ही ज्यादा जरूरी होता है. साथ ही ये स्पंज पूरे दिन सिंक के पास रहता है और पानी सोखने के कारण ये लंबे समय तक गीला बना रहता है. ऐसे में ये घर की सबसे ज्यादा कीटाणु वाली चीजों में से एक बन सकता है. फिर अगर इस स्पंज से बर्तनों को साफ किया जाए तो ये काफी ज्यादा हानिकारक हो सकता है. लेकिन क्या आप जानते हैं आप कुछ हैबिट्स अपनाकर अपने स्पंज को साफ रख सकते हैं और ज्यादा सेफ और सुरक्षित बनाए रख सकते हैं. आइए जानते हैं किचन के जूने को साफ बनाए रखने के लिए जरूरी टिप्स...
इस्तेमाल के बाद धोकर सुखाएं
बर्तन धोने या सफाई के बाद स्पंज को बहते पानी में अच्छी तरह धोएं और उसमें फंसे खाने के कणों और अतिरिक्त पानी को जितना होो सके निचोड़कर निकाल दें. दरअसल, जब स्पंज जल्दी सूख जाता है, तो उसमें बैक्टीरिया पनपने की संभावना काफी कम हो जाती है, जिससे आपका किचन साफ और सुरक्षित रहती है.
यह भी पढ़ें: स्किन पर लीच चिपक जाए तो क्या करें? जानिए खून चूसने वाली जोंक को हटाने के लिए क्या करना चाहिए
सिरके का करें इस्तेमाल
जूने को साफ करने के लिए आप सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आप सफेद सिरके और पानी को बराबर मात्रा में एक कटोरी में मिलाएं. इसके बाद स्पंज को इस मिश्रण में करीब 5 मिनट के लिए भिगोकर रखें. फिर स्पंज को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. दरअसल, विनेगर स्पंज में जमी गंदगी को ढीला करने और बदबू को कम करने में मदद करता है. हालांकि, इससे कीटाणु पूरी तरह खत्म नहीं होते हैं, लेकिन स्पंज साफ रहता है.
माइक्रोवेव में रखें
स्पंज को पहले अच्छी तरह पानी से गीला कर लें और चेक करें कि वो पूरी तरह गीला हो. इसके बाद इस स्पंज को लगभग 1 मिनट के लिए माइक्रोवेव में रखें. माइक्रोवेव की गर्मी स्पंज में मौजूद कई तरह के कीटाणुओं और बैक्टीरिया को कम करने में मदद करती है. फिर माइक्रोवेव सेे निकालने के तुरंत बाद स्पंज को हाथ न लगाएं, क्योंकि वो बहुत गर्म हो सकता है. कुछ मिनट ठंडा होने दें, फिर इस्तेमाल करें. ध्यान रखें कि कभी भी सूखे जूने को माइक्रोवेव में न रखें और अगर जूने में मेटल वाले स्क्रबिंग फाइबर लगे हों, तो उसे भी माइक्रोवेव में न डालें, इससे आग लगने का खतरा हो सकता है.
कब बदलना चाहिए बर्तन मांजने वाला जूना?
आपको बता दें कि जूने को रेगुलर साफ करने के बाद भी उसे हमेशा के लिए इस्तेमााल नहीं किया जा सकता है. ध्यान दें कि अगर स्पंज से बदबू आने लगे या चिपचिपा महसूस हो, घिसा हुआ दिखे या टूटने-बिखरने लगे, तो उसे बदलने का समय आ गया है. आमतौर पर किचन स्पंज को हर 1 से 2 सप्ताह में बदल देना चाहिए.
यह भी पढ़ें: स्टील की बाल्टी कैसे साफ करें? दाग लगी बाल्टी को नई जैसी साफ करने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं