बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं कपड़े सुखाने की बड़ी परेशानी भी लेकर आता है. बारिश के मौसम में धूम नहीं निकलती और हवा में बढ़ी नमी के कारण कपड़े देर से सूखते हैं, जिससे उनमें सीलन जैसी बदबू आने लगती है. कई बार धोने के बाद भी कपड़ों से ताजगी की जगह अजीब सी गंध आती रहती है. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो एक बेहद सस्ता और आसान उपाय आपकी मदद कर सकता है. कपड़ों से सीलन की बदबू को दूर करने के लिए 5 रुपये की ये चीज बहुत असरदार साबित होगी. चलिए आपको बताते हैं क्या है वह 5 रुपये की चीज.
बाल्टी में डालें फिटकरी
मानसून में कपड़ों की बदबू दूर करने के लिए फिटकरी का इस्तेमाल किया जा सकता है. फिटकरी बाजार में मात्र 5 रुपये आसानी से मिल जाएगी. फिटकरी में ऐसे गुण होते हैं, जो बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया को कम करने में मदद कर सकते हैं. कपड़े धोने के बाद आखिरी बार जब साफ पानी से उन्हें धोएं, तो उस बाल्टी में फिटकरी का एक छोटा टुकड़ा या थोड़ा सा फिटकरी पाउडर मिला दें. इसके बाद कपड़ों को 10 से 15 मिनट तक उसी पानी में छोड़ दें. इसके बाद कपड़ों को सूखा दें.
फिटकरी से कैसे मिलेगा फायदा?
फिटकरी वाले पानी में कपड़े भिगोने से उनमें मौजूद नमी से पैदा होने वाली दुर्गंध कम हो सकती है. इसके साथ ही कपड़ों में ताजगी बनी रहती है. इसका फायदा खासकर तौर पर तौलिया, जिम के कपड़े, मोजे और रोजाना पहनने वाले कपड़ों के लिए बहुत असरदार साबित हो सकता है.
किन बातों का रखें ध्यान
- कपड़ों को धोने के बाद वॉशिंग मशीन में लंबे समय तक न छोड़ें.
- घर में हवादार जगह पर कपड़े सुखाएं.
- गीले कपड़ों को एक-दूसरे के ऊपर न रखें.
- अलमारी में रखने से पहले सुनिश्चित करें कि कपड़े पूरी तरह सूख चुके हों.
- कपड़े धोते समय कुछ बूंदें लैवेंडर या नींबू एसेंशियल ऑयल भी मिला सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- दुनिया घूमने के लिए नौकरी छोड़ने की जरूरत नहीं, इस महिला ने बताया कैसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं