Parineeti Chopra Home Tour: दिल्ली की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच अगर कहीं ठहरकर सुकून लेने की जगह मिले, तो वह किसी खजाने से कम नहीं होती. सांसद राघव चड्डा (Raghav Chadha) और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा का घर कुछ ऐसा ही अहसास कराता है. यह घर सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि एक ऐसा स्पेस है जहां हर कोना शांति, प्रकृति और सादगी का मेल दिखाता है. बाहर से शाही झलक और अंदर से सुकून भरा माहौल, दोनों का संतुलन इस घर को खास बनाता है. दिलचस्प बात यह है कि यहां की सजावट में महंगे दिखावे से ज्यादा देसी क्रिएटिविटी सोच नजर आती है, जो इसे अलग पहचान देती है.
बाहर से ही दिखता है रॉयल टच
घर का एंट्रेंस ही इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक है. दरवाजे पर रखे शेर के शोपीस और बगीचे में हाथी की मूर्तियां तुरंत ध्यान खींच लेती हैं. यह सजावट घर को एक रॉयल और क्लासिक लुक देती है, मानो किसी पुराने भारतीय महल की झलक हो. सफेद रंग की दीवारें और गहरे भूरे दरवाजे-खिड़कियां इसे एलिगेंट बनाते हैं. बाहर का आंगन पौधों और झूले के साथ ऐसा लगता है जैसे शहर के बीचों-बीच छोटा सा गार्डन रिट्रीट हो.

Photo Credit: Instagram
एंट्रेंस के अंदर सादगी में खूबसूरती
जैसे ही अंदर कदम रखते हैं, लकड़ी का दरवाजा और हल्की पीली रोशनी वाला लैंप एक गर्मजोशी भरा स्वागत करता है. यहां रखे इनडोर प्लांट्स माहौल को ताजगी देते हैं. लकड़ी की नक्काशीदार टेबल और सजावट में इस्तेमाल की गई देसी कला यह दिखाती है कि घर को सजाने में सिर्फ पैसा नहीं, बल्कि सोच और पसंद भी मायने रखती है.

Photo Credit: Instagram/@raghavchadha88
डाइनिंग एरिया, आराम और स्टाइल का मेल
घर का डाइनिंग स्पेस बहुत ही सुकूनदायक है. क्रीम रंग की लकड़ी की मेज और केन (बुनी हुई) कुर्सियां इसे अलग पहचान देती हैं. ये कुर्सियां देखने में जितनी खूबसूरत हैं, बैठने में उतनी ही आरामदायक भी. बड़ी खिड़की से आने वाली प्राकृतिक रोशनी पूरे कमरे को उजला और खुला बनाती है. लकड़ी का फ्लोर और दीवारों पर लगे नक्काशीदार डिवाइडर इस जगह को और खास बना देते हैं.
लिविंग रूम, जहां मिलता है नेचर टच
डाइनिंग एरिया से ही लिविंग रूम की झलक दिखाई देती है. हल्के रंग का सोफा, बड़ा इनडोर पाम प्लांट और दीवार पर लगी लकड़ी की खूबसूरत कलाकृति, सब मिलकर एक शांत और क्लासी माहौल बनाते हैं. यहां रंगों का चुनाव बहुत सोच-समझकर किया गया है, ताकि आंखों को सुकून मिले और स्पेस ज्यादा खुला लगे.

Photo Credit: Instagram/@raghavchadha88
कामिया जानी ने दिखाया अंदर का नजारा
खास मौके पर दुल्हन जैसा सजा दिया था घर
जब जोशीमठ के शंकराचार्य श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी उनके घर पधारे थे तो उनके स्वागत के लिए घर में खास सजावट की थी. घर के लिविंग एरिया से सोफा सेट को हटाकर साज-सज्जा की थी. इस एरिया में दीवारों और फर्श का रंग लाइट रखा गया है. इस जगह सफेद/क्रीम रंग का सामान और ताजे फूल के अलावा पारंपरिक पीतल की मूर्तियां और मिट्टी के बर्तन रखे गए थे.

गार्डन घर का सबसे सुकूनभरा कोना
इस घर का गार्डन किसी मिनी नेचर पार्क से कम नहीं है. चारों तरफ हरे-भरे पेड़, घास का साफ-सुथरा लॉन और बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां, यह जगह रिलैक्स करने के लिए परफेक्ट है.
लकड़ी के फर्नीचर और हरे रंग की डिजाइनर कुर्सियां आउटडोर स्पेस को और भी आकर्षक बनाती हैं. यहां बैठकर सुबह की चाय या शाम की हवा का आनंद लेना किसी थेरेपी से कम नहीं लगता.

Photo Credit: Instagram/@raghavchadha88
इस घर की सबसे बड़ी खासियत है सादगी में खूबसूरती. महंगे शोपीस से ज्यादा यहां देसी आर्ट, प्राकृतिक रोशनी और पौधों का इस्तेमाल किया गया है. अगर अपने घर को भी स्टाइलिश बनाना है, तो छोटे-छोटे बदलाव जैसे इनडोर प्लांट्स, लकड़ी का फर्नीचर और हल्के रंगों का इस्तेमाल बड़ा फर्क ला सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं