अलमारी के अंदर एक कोने में पड़ी वह पुरानी जींस, जो अब फीकी पड़ चुकी है, फट गई है या आपके काम की नहीं रही, उसे फेंकने की कोई जरूरत नहीं है. दरअसल, पुरानी जींस घर में दोबारा इस्तेमाल करने के लिए सबसे काम की चीजों में से एक हो सकती है. डेनिम का कपड़ा मजबूत और टिकाऊ होता है. इसकी जेबें, मजबूत सिलाई और वेस्टबैंड जैसी चीजें भी कई नए कामों में इस्तेमाल की जा सकती हैं. ऐसे में पुरानी जींस को फेंकने की बजाय, उसे घर के लिए उपयोगी चीजों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. चलिए आपको बताते हैं. पुरानी जींस का फिर इस्तेमाल कैसे क्या जा सकता है.
टोट बैग या स्लिंग बैग बनाएं
पुरानी जींस से बैग बनाना सबसे पुराना और उपयोगी DIY आइडियाज में से एक है. डेनिम का कपड़ा पहले से ही इतना मजबूत और टिकाऊ होता है कि इससे बढ़िया बैग तैयार किया जा सकता है. इसके लिए जींस के पैरों वाले हिस्से को काट दें और वेस्टबैंड व सामने की जेबों को वैसे ही रहने दें. फिर नीचे का हिस्सा सिलकर एक साधारण बैग बना सकते हैं. अगर आप फ्लैट बॉटम वाला टोट बैग बनाना चाहते हैं, तो बची हुई डेनिम से एक अलग बेस जोड़ सकते हैं. जींस की सामने वाली जेबें बिना एक्स्ट्रा मेहनत के सामान रखने की जगह बन जाती है. वहीं, हैंडल के लिए रस्सी, कपड़े की पट्टियां या जींस के बचे हुए हिस्से का इस्तेमाल किया जा सकता है. इस तरह आपकी पुरानी जींस एक स्टाइलिश और मजबूत बैग में बदल सकती है.
वॉल-माउंटेड पॉकेट ऑर्गेनाइजर
पुरानी जींस से बना यह ऑर्गेनाइजर देखने में भी सुंदर लगता है और काम का भी होता है. अगर आपके पास अलग-अलग रंगों या शेड्स की पुरानी जींस हैं, तो यह आइडिया और भी अच्छा लगेगा. इसके लिए जींस की पीछे वाली जेबों को काट लें, फिर इन्हें किसी मजबूत कपड़े या लकड़ी के बोर्ड पर अपनी पसंद के डिजाइन में सील दें. जींस के वेस्टबैंड के हिस्से को ऊपर की तरफ लगाकर हैंगिंग लूप भी बनाया जा सकता है. इसे दीवार पर टांगकर आप चिट्ठियां, रिमोट, चाबियां या छोटे-छोटे सामान आसानी से रख सकते हैं.
हैंगिंग प्लांटर या गमले का कवर
पुरानी जींस से आप पौधों के लिए खूबसूरत प्लांटर कवर भी बना सकते हैं. सबसे पहले अपने गमले का आकार नाप लें, ताकि कपड़ा सही फिट हो सके. अब जींस के पैर वाले हिस्से से इतना कपड़ा काटें कि वह गमले के चारों ओर आसानी से लपेटा जा सके. आप नीचे की तरफ कपड़ा सिलकर पूरा कवर बना सकते हैं या नीचे से खुला छोड़कर इसे सिर्फ एक स्लीव की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं, जो गमले के ऊपर चढ़ जाए.
स्टोरेज बास्केट या कुशन कवर
जींस के अलग-अलग रंग और हिस्सों को जोड़कर होम डेकोर के लिए कुशन कवर बनाएं. इसी तरह कपड़ों या खिलौनों को समेटने के लिए डेनिम-कवर्ड स्टोरेज बास्केट तैयार करें. यह घर को एक यूनिक और मॉडर्न क्राफ्ट लुक देता है.
यह भी पढ़ें:- घर से भगाएं कॉकरोच, मच्छर और छिपकली, कीड़े-मकोड़ों को भगाने के लिए आसान घरेलू उपाय, मिनटों में दिखेगा असर
यह भी पढ़ें:- रसोई के गंदे और चिकनाई भरे तौलिए मिनटों में होंगे साफ, अपनाएं ये आसान घरेलू तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं