Pet Se Awaaz Kyu Aati Hai: कभी ऐसा हुआ है कि आप किसी मीटिंग में बैठे हों या लाइब्रेरी जैसी शांत जगह पर हों और अचानक आपके पेट से गुड़गुड़ाने की आवाज आने लगे? कुछ लोगों के लिए यह शर्मिंदगी भरा हो सकता है, लेकिन पेट का गुड़गुड़ाना, जिसे मेडिकल भाषा में बॉरबोरिग्मी (Borborygmi) कहा जाता है, पाचन प्रक्रिया का बिल्कुल सामान्य हिस्सा है. यह आवाज पेट और आंतों में मांसपेशियों और तरल पदार्थों की प्राकृतिक हलचल के कारण होती है. भूख लगने, गैस बनने, तनाव, कुछ खाद्य पदार्थों से संवेदनशीलता या आंतों में माइक्रोब्स के असंतुलन के कारण भी ऐसा हो सकता है.
पेट क्यों करता है गुड़गुड़?
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में डॉ. कुनाल सूद ने बताया, “अगर आपका पेट हर कुछ सेकंड में आवाज कर रहा है, तो यह आमतौर पर पाचन की समस्या नहीं होती. यह दरअसल आंतों की मूवमेंट है. मेडिकल टर्म में इसे बॉरबोरिग्मी कहते हैं. जब आंतें सिकुड़ती हैं और गैस व तरल पदार्थ को आगे की ओर धकेलती हैं, तब यह आवाज पैदा होती है. गैस और तरल के कंपन से यह ध्वनि पेट की दीवार के जरिए सुनाई देती है.”
अक्सर यह आवाज खाली पेट या व्रत के दौरान ज्यादा सुनाई देती है, क्योंकि उस समय आंतें सफाई करने वाली तेज संकुचन (housekeeping contractions) करती हैं, जो काफी तेज आवाज कर सकती हैं. खाना खाने के बाद भी यह आवाज आ सकती है, क्योंकि उस समय आंतें भोजन को मिलाने और आगे बढ़ाने का काम करती हैं. यदि आपका शरीर दुबला-पतला है, तो सामान्य आंतों की गतिविधि भी ज्यादा साफ सुनाई दे सकती है.
कब पेट की आवाज को सीरियसली लेना चाहिए?
डॉक्टर के अनुसार, ज्यादातर मामलों में पेट का गुड़गुड़ाना सामान्य होता है और चिंता की बात नहीं होती. यह स्वस्थ पाचन प्रक्रिया का ही एक हिस्सा है.

हालांकि, अगर इसके साथ ये लक्षण भी दिखें तो सावधान रहने की जरूरत है:
- पेट में दर्द
- उल्टी
- लगातार पेट फूलना
- दस्त या कब्ज
- मल में खून
- बिना वजह वजन कम होना
अगर पेट की आवाज के साथ इनमें से कोई भी समस्या हो रही है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
पेट की आवाज कम करने के आसान उपाय
अगर आप पेट की आवाज को कम करना चाहते हैं, तो ये उपाय मददगार हो सकते हैं:
- खाने के बीच लंबा अंतराल न रखें, इससे भूख के कारण होने वाली आवाज कम होगी.
- खाने को अच्छी तरह चबाकर खाएं, इससे पेट पर काम का बोझ कम पड़ता है और हवा निगलने की संभावना भी कम होती है.
- दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें, इससे पाचन बेहतर रहता है.
- खाने के बाद हल्की वॉक करें, इससे पेट जल्दी खाली होता है और आवाज कम हो सकती है.
- कार्बोनेटेड ड्रिंक्स, ज्यादा कॉफी और गैस बनाने वाले खाद्य पदार्थ जैसे बीन्स या प्याज का सेवन कम करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं