भारतीय घरों की रसोई में LPG सिलेंडर से जुड़ा ऑरेंज रंग का गैस पाइप लगभग हर किसी ने देखा होगा. कई लोग इसे सिर्फ एक डिज़ाइन समझते हैं, तो कुछ इसे कंपनी द्वारा बनाया गया सामान्य पाइप मानते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस पाइप का रंग ऑरेंज ही क्यों होता है?
इतना ही नहीं, बाज़ार में ऑरेंज के अलावा हरे और ट्रांसपेरेंट रंग के पाइप भी मिलते हैं, जिससे अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि आखिर कौन-सा पाइप सबसे सुरक्षित होता है. अगर आप भी नया गैस पाइप खरीदने की सोच रहे हैं, तो इसके रंग और सुरक्षा से जुड़ी जरूरी बातें पहले जान लेना बेहतर होगा.
कैसे बनती है LPG गैस पाइप?
LPG गैस पाइप मजबूत रबर और खास सेफ्टी लेयर से बना होता है, इसका काम सिलेंडर से गैस को सुरक्षित तरीके से चूल्हे तक पहुंचाना होता है.
एक गैस पाइप में कई परतें होती हैं,
- अंदर की परत गैस से होने वाले नुकसान या रिएक्शन को रोकती है
- बीच की परत पाइप को मजबूत बनाती है
- बाहरी परत पाइप को गर्मी, नमी और बाहर के असर से बचाती है
सबसे ज्यादा गैस की पाइप ऑरेंज रंग की क्यों होती है?
- अक्सर आपने घरों में ऑरेंज रंग की गैस पाइप ही देखी होगी. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि कई कंपनियां LPG पाइप के लिए इसी रंग का इस्तेमाल करती हैं, ताकि इसे आसानी से पहचाना जा सके.
- ये पाइप खास तौर पर रसोई के माहौल और गैस के प्रेशर को ध्यान में रखकर बनाए जाते हैं. अच्छी क्वालिटी की ऑरेंज पाइप मजबूत होती है और लंबे समय तक चलती है.
- ध्यान रखें, सिर्फ रंग देखकर पाइप को सुरक्षित नहीं कहा जा सकता. असली सुरक्षा उसकी क्वालिटी और सही सर्टिफिकेशन पर निर्भर करती है.
हरे रंग की गैस पाइप किस लिए इस्तेमाल होती है?
आपने देखा होगा बाजार में हरे रंग की गैस पाइप भी मिलती है, लेकिन जरूरी नहीं कि हर हरा पाइप LPG के लिए ही बना हो. कुछ पाइप दूसरे कामों के लिए भी होते हैं.
अगर आप हरे रंग का गैस पाइप खरीद रहे हैं,
- तो पहले यह जरूर देख लें कि वह LPG के लिए सही है या नहीं.
- पाइप पर जरूरी सेफ्टी मार्क और प्रोडक्ट की जानकारी साफ-साफ लिखी है या नहीं.
ट्रांसपेरेंट गैस पाइप कितनी सुरक्षित होती है?
- ट्रांसपेरेंट पाइप आमतौर पर पानी या कम दबाव वाले कामों के लिए इस्तेमाल की जाती है.
- घर के LPG गैस कनेक्शन में इन पाइपों का इस्तेमाल करना सही नहीं माना जाता है.
- अगर कोई ट्रांसपेरेंट पाइप LPG के लिए खास तौर पर सर्टिफाइड नहीं है, तो उसका इस्तेमाल खतरा बढ़ा सकता है.
गैस पाइप खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
- हमेशा ISI मार्क और LPG अप्रूवल की जांच करें.
- भरोसेमंद कंपनी और अधिकृत विक्रेता से ही खरीदारी करें.
- हमेशा नए बने हुआ पाइप का ही उपयोग करें.
- मजबूत और सही फिटिंग वाला पाइप ज्यादा सुरक्षित होता है.
- फटा, टूटा या पुराना पाइप इस्तेमाल न करें.
- केवल रंग देखकर खरीदारी करने की गलती न करें.
इसे भी पढ़ें: क्या आप भी बहुत सारे फ्रूट्स मिक्स करके खाते हैं? डॉ. दीप्ति खाटूजा से जानें किसे और कैसे खाने चाहिए फल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं