मानसून का मौसम राहत तो लेकर आता है, लेकिन इसके साथ बाढ़, जलभराव, बिजली कटौती और ट्रैफिक में रुकावट जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. इसलिए खराब मौसम आने से पहले हर घर में एक मानसून इमरजेंसी किट तैयार रखना जरूरी है. ऐसे में पीने के पानी से लेकर जरूरी दवाओं तक, कुछ साधारण चीजें मुश्किल समय में बहुत काम आ सकती हैं, खासकर जब सामान्य सेवाएं प्रभावित हो जाएं.
पीने का पानी और लंबे समय तक खराब न होने वाला खाना
अगर आपके इलाके में बाढ़ या पानी की सप्लाई बाधित होने की आशंका रहती है, तो कम से कम 2 से 3 दिनों के लिए पर्याप्त पीने का पानी पहले से स्टोर करके रखें. इसके साथ ही ऐसे फूड्स घर में रखें, जो बिना फ्रिज के सुरक्षित रहें और जिन्हें बनाने में ज्यादा मेहनत न लगे. जैसे- बिस्कुट, एनर्जी बार, सूखे मेवे, डिब्बाबंद भोजन और इंस्टेंट फूड आदि.
फर्स्ट एड किट और जरूरी दवाएं
मानसून इमरजेंसी किट में फर्स्ट एड किट जरूर रखें. इसमें बैंडेज, एंटीसेप्टिक दवा, कॉटन, गॉज, मेडिकल टेप, दर्द की दवा और थर्मामीटर जैसी जरूरी चीजें शामिल होनी चाहिए. इसके अलावा, घर के सदस्यों के लिए कम से कम एक हफ्ते की जरूरी दवाएं पहले से रखें. ORS के पैकेट भी रखें ताकि जरूरत पड़ने पर शरीर में पानी और नमक की कमी पूरी की जा सके. बच्चों, बुजुर्गों और किसी पुरानी बीमारी से पीड़ित लोगों की नियमित दवाएं भी किट में जरूर शामिल करें.
टॉर्च, बैटरी और पावर बैंक
भारी बारिश के दौरान बिजली जाना आम बात है. ऐसे में एक टॉर्च, अतिरिक्त बैटरियां, पूरी तरह चार्ज किया हुआ पावर बैंक और मोबाइल चार्जिंग केबल तैयार रखें. अगर बिजली कटौती लंबे समय तक रहती है, तो बैटरी से चलने वाली लाइटें भी काफी मददगार साबित हो सकती हैं.
स्वच्छता से जुड़ा जरूरी सामान
इमरजेंसी किट में साबुन, हैंड सैनिटाइजर, वेट वाइप्स, टिश्यू पेपर, सैनिटरी उत्पाद, कूड़े के बैग और कीटाणुनाशक जरूर रखें. मानसून के दौरान जगह-जगह पानी जमा होने से संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
बारिश से बचाव का सामान
छाता, रेनकोट, वाटरप्रूफ बैग और अतिरिक्त कपड़े ऐसी जगह रखें, जहां जरूरत पड़ने पर तुरंत मिल सकें. भारी बारिश में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को सुरक्षित रखने के लिए वाटरप्रूफ कवर का इस्तेमाल करना भी अच्छा विकल्प है.
यह भी पढ़ें:- पब्लिक टॉयलेट्स की सीट में आगे की तरफ गैप क्यों होता है? जानिए इसके पीछे की दिलचस्प वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं