विज्ञापन

कैसे पता चलेगा कि फर्नीचर में दीमक है? जानें दीमक लग जाए तो क्या करें

बारिश के मौसम में फर्नीचर में दीमक लगने का खतरा ज्यादा रहता है. ऐसे में आइए जानते हैं दीमक की पहचान कैसे करें, साथ ही जानेंगे अगर फर्नीचर में दीमक लग जाए, तो क्या करें-

कैसे पता चलेगा कि फर्नीचर में दीमक है? जानें दीमक लग जाए तो क्या करें
बारिश में दीमक ज्यादा क्यों लगती है?
(P.C- NDTV)

बारिश का मौसम अपने साथ कई परेशानियां लेकर आता है. इन्हीं में से एक है दीमक का बढ़ जाना. दीमक एक छोटा-सा कीड़ा होता है, लेकिन ये आपके फर्नीचर को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती हैं. दीमक धीरे-धीरे फर्नीचर को अंदर से खाना शुरू कर देती हैं. जब तक लोगों को इसका पता चलता है, तब तक फर्नीचर, दरवाजे, खिड़कियां या दूसरी लकड़ी की चीजें काफी खराब हो चुकी होती हैं. इसलिए इसे लेकर खासकर बारिश के मौसम में सावधानी बरतना बहुत जरूरी है.

कैसे पता करें कि घर में दीमक लग गई है?

यूनाइटेड स्टेट्स एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन एजेंसी (EPA) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दीमक ज्यादातर लकड़ी के अंदर या मिट्टी में रहती है, इसलिए यह आसानी से दिखाई नहीं देती. बारिश के मौसम में फर्नीचर या लकड़ी से बनी बाकी चीजों को थोड़ा दबाकर देखें. अगर किसी लकड़ी को दबाने पर वह अंदर से खाली या कमजोर लगे, तो समझ जाइए कि उसमें दीमक हो सकती है. 

इससे अलग अगर आपको दीवारों या फर्श के किनारे मिट्टी की पतली-पतली लाइनें या सुरंग जैसी बनी दिखाई दें, तो यह भी दीमक होने का बड़ा संकेत है. बारिश के दिनों में पंख वाली दीमक घर के आसपास उड़ती हुई भी दिखाई दे सकती है. 

बारिश में दीमक ज्यादा क्यों लगती है?

दीमक को नमी वाली जगह पसंद होती है. बारिश में घर की दीवारों, फर्श और लकड़ी में नमी बढ़ जाती है. अगर कहीं पानी जमा रहता है, पाइप से पानी टपकता है या दीवारों में सीलन रहती है, तो दीमक तेजी से फैल सकती है. इसलिए घर को जितना हो सके सूखा रखना बहुत जरूरी है.

दीमक से बचने के आसान तरीके
  • घर के आसपास पानी जमा न होने दें. 
  • अगर कहीं से पानी लीक हो रहा है, तो उसे तुरंत ठीक कराएं. 
  • दीवारों, फर्श या नींव में अगर कोई दरार है, तो उसे भरवा दें, ताकि दीमक को अंदर आने का रास्ता न मिले.
  • लकड़ी के फर्नीचर पर समय-समय पर पॉलिश या सीलेंट करवाएं. 
  • साथ ही घर के पास लकड़ी, पुराने तख्ते या जलाने वाली लकड़ी का ढेर न लगाएं. 
अगर दीमक लग जाए तो क्या करें?

अगर शुरुआत में ही दीमक दिखाई दे जाए, तो कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाए जा सकते हैं. जैसे- 

  • नमक का छिड़काव करें. नमक में ऐसे नेचुरल गुण होते हैं, जो दीमक को दूर करने में मदद करते हैं.
  • आप जगह-जगह लौंग या नीम के तेल का छिड़काव कर सकते हैं.
  • इससे अलग आप जगह-जगह करेले के रस का छिड़काव भी कर सकते हैं. दीमक किसी भी कड़वी गंध से बचने की कोशिश करती हैं, ऐसे में करेले का रस कारगर साबित होता है.

हालांकि, अगर दीमक ज्यादा फैल गई है, तो खुद दवा डालने की बजाय पेस्ट कंट्रोल कराने में ही समझदारी है. पेस्ट कंट्रोल करने वाले लोग खास दवाओं, लिक्विड ट्रीटमेंट और टर्माइट बैट की मदद से दीमक को खत्म करते हैं. इससे दोबारा दीमक लगने का खतरा भी कम हो जाता है.

इस बात का भी रखें ध्यान

दीमक एक बार खत्म होने के बाद भी वापस आ सकती है. इसलिए हर कुछ महीनों में घर की लकड़ी, दरवाजे, खिड़कियां और फर्नीचर की जांच करते रहें. अगर शुरुआत में ही दीमक का पता चल जाए, तो कम खर्च में बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है. थोड़ी-सी सावधानी और नियमित देखभाल से आप अपने घर और लकड़ी के सामान को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकते हैं.

अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.

यह भी पढ़ें- बारिश के मौसम में AC को किस मोड पर चलाना चाहिए? इस सेटिंग से कमरे में नहीं आएगी नमी और सीलन की बदबू

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Termites, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com