आज के महंगाई भरे समय में सेविंग्स का होना बेहद जरूरी है. मुसीबत कब आपका दरवाजा खटखटाए, इसका कोई अंदाजा नहीं होता. ऐसे समय में आपकी सेविंग्स ही आपका सबसे बड़ा सहारा बनती है, लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल होता है कि कम सैलरी में सेविंग्स कैसे करें और महीने के सभी खर्च कैसे पूरे करें. ज्यादा सैलरी वालों के लिए बचत करना आसान हो सकता है, लेकिन कम सैलरी वालों के लिए यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है. हम आपको एक अनुमानित आय के हिसाब से बता रहे हैं. मान लीजिए कि आपकी सैलरी 30 हजार रुपए है. तो आइए जानते हैं कि 30 हजार रुपए में आप अपने खर्चे पूरे करने के साथ सेविंग्स कैसे कर सकते हैं.
कैसे तैयार करें मंथली बजट? | How Do I Create My Monthly Budget?
जैसे ही महीने की जिस तारीख को आपकी सैलरी आए, उसी दिन अपना पूरा बजट तैयार कर लें. इसके लिए आप 50-30-20 फॉर्मूला अपना सकते हैं.
- 50 प्रतिशत यानी 15,000 रुपए घर का किराया, राशन, बिजली, पानी और दूसरे जरूरी खर्चों के लिए रखें.
- 30 प्रतिशत यानी 9,000 रुपए ईएमआई, इंश्योरेंस, परिवार के खर्च, घूमने-फिरने और बाहर खाने जैसी जरूरतों के लिए रखें.
- 20 प्रतिशत यानी 6,000 रुपए हर महीने सीधे अपनी सेविंग्स में डाल दें.
सैलरी के 50 प्रतिशत हिस्से का ऐसे करें इस्तेमाल
अगर आप किसी बड़े शहर में रहते हैं, तो 30 हजार रुपए की सैलरी में खर्च संभालना आसान नहीं होता. ऐसे में कोशिश करें कि बहुत महंगे घर की बजाय कम किराए वाले घर में रहें. अगर आप अकेले रहते हैं, तो शेयरिंग फ्लैट चुन सकते हैं. इससे किराया, बिजली, पानी और दूसरी सुविधाओं का खर्च आधा हो जाता है.
इसके अलावा राशन के लिए हर महीने लगभग 5 से 6 हजार रुपए का बजट तय करें. आने-जाने के लिए 1,500 से 2,000 रुपए अलग रखें और कोशिश करें कि पूरे महीने का सफर इसी बजट में पूरा हो.
सैलरी के 30 प्रतिशत हिस्से का ऐसे करें इस्तेमाल
अगर आपकी कोई ईएमआई चल रही है, तो उसके लिए पहले से एक तय राशि अलग रखें. ईएमआई भरने के बाद जो पैसा बचे, उसे मनोरंजन, बाहर घूमने या दूसरी छोटी जरूरतों के लिए इस्तेमाल करें. इससे आपका बजट भी नहीं बिगड़ेगा और फिजूल खर्च भी कम होगा.
क्यों जरूरी है सेविंग्स?
सेविंग्स हर व्यक्ति के लिए जरूरी होती है, चाहे उसकी सैलरी कम हो या ज्यादा. बचत किया गया पैसा इमरजेंसी के समय सबसे ज्यादा काम आता है. इससे आपको किसी से उधार लेने की जरूरत नहीं पड़ती. अगर किसी वजह से नौकरी चली जाए या अचानक कोई बड़ा खर्च आ जाए, तो आपकी सेविंग्स ही काम आ जाती है.
इसे भी पढ़ें: रात में लगता है कोई आपको देख रहा है? जानिए इसके पीछे की साइंस, भूत नहीं दिमाग कर रहा है खेल!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं