अधिकतर लोगों को चाय पीना पसंद होता है और लोग चाय पीने के बाद टी बैग को बेकार समझकर कूड़े में फेंक देते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को ही ऐसा पता होता है कि टी बैग का चाय के बाद भी बहुत इस्तेमाल किया जा सकता है. दरअसल, जिस टी बैग को आप कचरा समझ रहे हैं, वह कई जगह इस्तेमाल किया जा सकता है. इसमें मौजूद प्राकृतिक तत्व कई तरह से काम आ सकते हैं. बचे हुए टी बैग्स त्वचा की देखभाल और घर के कुछ छोटे-मोटे कामों में भी फायदेमंद हो सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं टी-बैग्स का फिर इस्तेमाल कैसे करें?
स्किन केयर में असरदार
ग्रीन टी और ब्लैक टी में टैनिन और कैफीन जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं. एक्सपर्ट के अनुसार, कैफीन त्वचा की नसों को संकुचित करने का काम करता है, जिससे सूजन कम हो सकती है. ठंडे टी बैग को आंखों पर रखने का घरेलू नुस्खा लंबे समय से लोग अपना रहे हैं. यह आंखों के नीचे की सूजन और थकान को कम करने में मदद कर सकता है. इसके अलावा, टी में मौजूद टैनिन त्वचा को हल्का टाइट करने और जलन या लालिमा को कम करने में भी मददगार है. ठंडे टी बैग या टी से बने ठंडे कपड़े की सिकाई त्वचा को आराम देती है.
नेचुरल खाद बनाने के लिए
इस्तेमाल टी बैग्स से आप खाद बना सकते हैं. इनमें मौजूद तत्व मिट्टी में नाइट्रोजन बढ़ाने में मदद करते हैं, जिससे खाद की क्वालिटी बेहतर हो सकती है. इसके अलावा पौधों को नए गमले में लगाते समय यूज्ड टी बैग्स को गमले में नीचे रखा जा सकता है. इससे मिट्टी में लंबे समय तक नमी बनी रहती है.
बदबू दूर करने के लिए
इस्तेमाल किए हुए टी बैग्स का उपयोग बदबू दूर करने में भी असरदार होता है. टी बैग को कालीन या जूते के आसपास इस्तेमाल कर सकते हैं. टी बैग्स में ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो बदबू को कम करने में मदद करते हैं और जगह को फ्रेश रखते हैं. इसके लिए आप टी बैग्स को अच्छे से सुखा लें, फिर उन्हें खोलकर अंदर की चायपत्ती को बदबू वाली जगह पर छिड़क दें और थोड़ी देर साफ कर दें.
हाथों से खाने की गंध
खाना बनाते समय कई बार हाथों में प्याज-लहसुन काटने की गंध रह जाती है. इससे छुटकारा पाने के लिए भी टी बैग आपकी मदद कर सकता है. इसके लिए हाथ धोने से पहले आप इस्तेमाल टी बैग को हाथों पर रगड़ लें. इससे गंध कम होने में मदद मिलेगी.
कटने-छिलने पर राहत
ब्लैक टी में टैनिन नामक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. कुछ मेडिकल अध्ययनों में भी पाया गया है कि गीले टी बैग्स का इस्तेमाल दांत निकलवाने के बाद मसूड़ों पर किया जाता है. ऐसा इसलिए क्योंकि ब्लैक टी में मौजूद टैनिन रक्त वाहिकाओं को संकरा करने में मदद करते हैं, जिससे खून बहने को कंटोल करने में मदद मिलती है.
यह भी पढ़ें:- 118 से 84 Kg, इस व्यक्ति ने 6 महीने में 34 किलो वजन कैसे कम किया, एक्सपर्ट से जानिए
यह भी पढ़ें:- ड्राई स्किन वाले क्या करें? ये 3 बेस्ट फेस ऑयल रूखी त्वचा को देंगे पोषण, जानें कैसे करें इस्तेमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं