घर पर दोस्तों के लिए डिनर पार्टी या फिर कोई अन्य पार्टी हो और उसमें में वाइन नहीं हो तो ऐसा कैसे हो सकता है. पार्टी के बाद अक्सर वाइन का खाली बोतलों को लोग कबाड़ी को फ्री में ही दे देते हैं, लेकिन ये खाली बोतल आपके बहुत काम आ सकती है. कई बोतलें इतनी सुंदर होती हैं कि उन्हें फेंकने का मन नहीं करता. इन खाली बोतलों से आप शानदार टेबल लैंप बना सकते हैं. इस DIY आइडिया से न केवल पुरानी बोतलों का फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है, बल्कि आपके लिविंग रूम को एक अलग और क्लासी लुक भी मिल सकती है. चलिए आपको बताते हैं वाइन की खाली बोतल से लैंप कैसे बनाएं?
शराब की बोतल से लैंप कैसे बनाएं?
हर वाइन की बोतल लैंप बनाने के लिए एक जैसी नहीं होती, इसलिए सही बोतल चुनें. मोटी कांच वाली और अलग डिजाइन वाली बोतलें अच्छी रहेंगी. इसके लिए हरे, नीले या हल्के भूरे रंग के कांच वाली बोतलें लैंप के लिए बहुत अच्छी होती हैं, क्योंकि बल्ब जलने पर ये अलग ही लुक देती हैं.
लैंप किट
इस DIY लैंप को बनाने के लिए आपको बिजली की ज्यादा जानकारी की जरूरत नहीं है. आपको सिर्फ एक बॉटल लैंप एडॉप्टर किट चाहिए, जो ऑनलाइन या हार्डवेयर स्टोर पर आसानी से मिल जाती है. इस किट में आमतौर पर ढक्कन जैसी बेस, वायरिंग, सॉकेट और स्विच पहले से लगे होते हैं. ये किट खास तौर पर वाइन की बोतल के मुंह में आसानी से फिट होने के लिए बनाई जाती हैं. बस किट में बताए गए निर्देशों के अनुसार तार को उसमें लगाएं, सॉकेट को अच्छी तरह फिट करें और पूरी यूनिट को बोतल के मुंह में लगा दें.
बोतल को अच्छी तरह साफ करें
लैंप बनाने से पहले बोतल को अंदर और बाहर दोनों तरफ से अच्छी तरह साफ करना बहुत जरूरी है. अगर, बोतल पर पुराना दाग, गंदगी या लेबल का चिपचिपा गोंद लगा रह जाएगा, तो लाइट जलने पर वह साफ दिखाई देगा और लैंप की खूबसूरती कम कर सकता है. बोतल को कुछ देर गुनगुने साबुन वाले पानी में भिगोकर रखें. इससे लेबल आसानी से निकल जाता है. सफाई के बाद बोतल को पूरी तरह सूखने दें. बोतल के अंदर नमी रहने पर लैंप किट ठीक से फिट नहीं हो पाती और लाइट जलाने पर कांच के अंदर भाप या पानी की बूंदें भी दिखाई दे सकती हैं.
सही बल्ब और लैंपशेड चुनें
जब वायरिंग का काम पूरा हो जाए, तो सही बल्ब चुनें, क्योंकि इससे लैंप का पूरा लुक बदल सकता है. बड़े और तेज सफेद बल्ब की जगह छोटा और अच्छी रोशनी देने वाला बल्ब बेहतर रहेगा. इससे कांच के अंदर से निकलने वाली रोशनी अच्छी लगेगी, जो कमरे का माहौल भी खूबसूरत बनाती है. अगर, आप चाहें तो लैंप के ऊपर लैंपशेड भी लगा सकते हैं. इसके लिए छोटे ड्रम-स्टाइल या कोन-आकार के शेड अच्छे रहते हैं. इससे लैंप को आधुनिक, मिनिमल और स्टाइलिश लुक मिलता है.
यह भी पढ़ें:- थर्मस को कैसे साफ करें? स्टेनलेस स्टील बोतल की बदबू दूर करने के आसान घरेलू उपाय
यह भी पढ़ें:- मुरझाते पौधों को ठीक कैसे करें, सूख रहे या मर चुके पौधों को बचाने के 7 आसान तरीके
यह भी पढ़ें:- मैली काली एल्युमिनियम की कड़ाही पीछे से कैसे साफ करें? जिद्दी काले दाग हटाने के आसान घरेलू तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं