विज्ञापन

DIY Dhoop: पूजा के सूखे फूलों से घर पर बनाएं धूपबत्ती, फूल फेंकने नहीं पड़ेंगे और खुशबू से भर जाएगा घर

आप चाहें तो पूजा में चढ़े फूलों को दोबारा इस्तेमाल कर इनसे धूपबत्ती बना सकते हैं. आइए जानते हैं इसका स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-

DIY Dhoop: पूजा के सूखे फूलों से घर पर बनाएं धूपबत्ती, फूल फेंकने नहीं पड़ेंगे और खुशबू से भर जाएगा घर
घर पर कैसे बनाएं धूपबत्ती?
(Photo Credit: Freepik)

पूजा करते समय हम रोज भगवान को फूल चढ़ाते हैं. लेकिन ये फूल अगले ही दिन मुरझा जाते हैं. ऐसे में मन में अक्सर ये सवाल आता है कि इन सूखे हुए फूलों का क्या किया जाए? कुछ लोग इन्हें ऐसे ही फेंक देते हैं, तो कुछ नदी में प्रवाहित कर देते हैं. लेकिन आप चाहें, तो इन फूलों को दोबारा इस्तेमाल करके घर पर ही खुशबूदार धूप तैयार कर सकते हैं. इससे पूजा में चढ़े फूल बेकार नहीं जाएंगे, आप धूप जलाकर भगवान की पूजा कर सकेंगे और घर में भी अच्छी खुशबू बनी रहेगी. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं है. आइए जानते हैं पूजा के सूखे फूलों से धूप बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-

घर पर कैसे बनाएं धूपबत्ती?

बता दें कि ये आसान तरीका मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है. इसके लिए-

सबसे पहले फूलों को अच्छी तरह सुखाएं

फूलों को साफ जगह पर फैलाकर धूप में अच्छी तरह सुखाएं. अगर धूप नहीं है, तो इन्हें पैन में बहुत धीमी आंच पर हल्का-हल्का रोस्ट करके भी सुखाया जा सकता है. आपको फूलों से नमी को पूरी तरह खत्म कर देना है, साथ ही ध्यान रखें कि फूल जलें भी नहीं. गैस को एकदम लो फ्लेम पर रखकर धीरे-धीरे रोस्ट करें.

पाउडर बनाएं

अब, सूखे हुए इन फूलों को मिक्सी में डालें. इसमें थोड़ी सी हवन सामग्री मिलाकर दोनों को एक साथ बारीक पीस लें. जब बारीक पाउडर तैयार हो जाए, तब इसे छन्नी से छान लें.

कपूर और देसी घी मिलाएं

तैयार पाउडर में थोड़ा पीसा हुआ कपूर और देसी घी डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर आटे की तरह गूंध लें. ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा गीला न हो. इसलिए जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा घी मिलाएं.

ऐसे बनाएं धूप के कोन

जब मिश्रण अच्छी तरह तैयार हो जाए, तब हाथों से छोटे-छोटे कोन बना लें. तैयार कोन को किसी साफ और सूखी जगह पर रखकर अच्छी तरह सूखने दें. पूरी तरह सूखने के बाद इन्हें इस्तेमाल किया जा सकता है.

इस तरह आप पूजा के फूलों से घर पर ही नेचुरल धूपबत्ती तैयार कर सकते हैं और इन DIY धूप कोन का इस्तेमाल पूजा के समय या घर में अच्छी खुशबू के लिए कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें- दाल में घुन लगने से कैसे रोकें? ये एक सस्ती चीज डालने से महीनों तक नहीं होगी खराब
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DIY, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com