गीजर के अंदर की सफाई कैसे करें? अब हल्की-हल्की सर्दियां शुरू हो गई हैं. ऐसे मौसम में कई लोगों ने हीटर, शॅाल, स्वेटर, कंबल वगैरह निकाल लिए हैं. लेकिन इन सबमें लोग अक्सर सर्दियों में सबसे ज्यादा काम आने वाली चीज को तैयार करना भूल जाते हैं. जी हां, सर्दियों में सबसे ज्यादा काम आने वाले गीजर की सफाई करना लोग अकसर भूल जाते हैं. कई बार ऐसा होता है कि गीजर पानी ज्यादा अच्छे से गरम नहीं करता या फिर उसकी मशीन खराब हो जाती है, इसलिए सर्दी में ऐसी किसी दिक्कत से बचने के लिए आज ही अपने गीजर की डीप क्लीनिंग कर लें. जानिए घर पर गीजर को साफ करने का सबसे आसान तरीका क्या है.
गीजर को साफ करना इतना जरूरी क्यों है ?
आपने देखा होगा कि कई बार गीजर के अंदर सफेद रंग की परत जम जाती है. इसकी वजह ये है कि गीजर में बार-बार पानी गर्म करने से उसके अंदर कैल्शियम और सॉल्ट डिपॉजिट्स जमने लगते हैं और अगर आपके घर में हार्ड वाटर आता है, तो इससे स्केलिंग जल्दी होने लगगी. इस वजह से कई बार पानी का फलो रुक जाता है या फिर कम हो जाता है. इसके अलावा हीटिंंग एलिमेंट भी कमजोर हो सकता है और बिजली की खपत भी बढ़ जाती है. ऐसे में आप हर 6 महीने में कम से कम एक से दो बार गीजर की सफाई करें, ताकि गीजर की लाइफ बढ़े और बिजली का बिल भी कम आए.

कैसे करें गीजर को साफ
सबसे पहले गीजर का प्लग निकाल लें, ताकि पावर की सप्लाई बंद हो जाए. इसके बाद पानी के टैंक को खाली कर लें. अब सिरके को पानी में मिलाकर एक पेस्ट बना लें और उसे गीजर के हीटिंग एलिमेंट पर लगाकर लगभग 20 मिनट के लिए छोड़ दें. 20 मिनट के बाद इस पेस्ट को कपड़े से पोंछकर साफ कर दें. अब पाइप को निकालकर उसमें नींबू के रस या सिरके से फ्लश करें, जिससे स्केलिंग हट जाए. फिर गीजर के अंदर गुनगुने पानी में थोड़ा सिरका डालकर उसे 30 मिनट के लिए छोड़ दें. उसके बाद इस गंदे पानी को निकालकर साफ पानी से फ्लश करें. अब सभी हिस्सों को अच्छे से सूखाकर ध्यान से वापिस फिट कर दें.
कैसे बढ़ेगी गीजर की लाइफ
1) गीजर को हर 6 महीने में कम से कम एक से दो बार डीप क्लीन जरुर करें.
2) अगर आपके घर में हार्ड वाटर आता है तो वॉटर सॉफ्टनर इन्सटॅाल करवालें.
3) गीजर को जरूरत पड़ने पर ही ऑन करें.
4) गीजर का टेम्परेचर बहुत ज्यादा सेट ना करें, वरना मशीन पर प्रेशर पड़ता है.
लोग अक्सर गीजर की सफाई करना भूल जाते हैं, जिस वजह से सर्दियों में कई बार ठंड़े पानी से ही काम चलाना पड़ता है. लेकिन इस बार सर्दियों में ऐसी कोई परेशानी ना हो, इसके लिए आज से ही अपने गीजर की थोड़ी बहुत देखभाल करना शुरु कर दें. क्योंकि थोड़ी सी देखभाल करने से आपका गीजर सालों तक नया बना रहता है.
प्रस्तुति : दीपांशी
यह भी पढ़ें: होंठों पर पूरे दिन टिकेगी Lipstick, खाना खाते हुए भी नहीं हटेगी, Makeup Artist ने बताई खास ट्रिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं