विज्ञापन

Relationship Tips: पार्टनर से छोटी-छोटी बातों पर हो जाते हैं गुस्सा? इन 5 तरीकों से मिलेगा मन को सुकून

क्या आप भी पार्टनर की छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा हो जाते हैं? जानिए 5 ऐसे तरीकों के बारे में, जो मन को शांत रखने, गुस्से को कंट्रोल करने और रिश्ते को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं.

Relationship Tips: पार्टनर से छोटी-छोटी बातों पर हो जाते हैं गुस्सा? इन 5 तरीकों से मिलेगा मन को सुकून
छोटी-छोटी बातों पर आने वाले गुस्से को कैसे शांत करें?
Photo Credit: NDTV

रिश्तों में प्यार के साथ-साथ छोटी-मोटी नोक झोंके होना आम बात है. लेकिन अगर आप अधिकतर पार्टनर की छोटी-छोटी बातों पर अपना आपा खो बैठते हैं, तो यह रिश्ते की मिठास को धीरे-धीरे खत्म कर सकता है. साथ ही यह गुस्सा बाद में पछतावे का कारण भी बन जाता है. अगर आप भी पार्टनर के साथ बात-बात पर चिढ़ जाते हैं और खुद को शांत नहीं रख पाते, तो ये आदत आपके रिलेशन के लिए नुकसानदायक हो सकती है. हाल ही में फ्लोरिडा के थेरेपिस्ट जेफरी मेल्टजर ने 5 ऐसे तरीको के बारे में बताया है, जो गुस्से को शांत कर मन को सुकून दे सकती हैं.

1. चेहरे पर डालें ठंडा पानी

थेरेपिस्ट जेफ्री बताते हैं कि जब भी आपको लगे कि गुस्सा, तनाव या बेचैनी बहुत बढ़ गई है, तो कुछ देर के लिए बाथरूम में जाकर चेहरे पर ठंडा पानी मारें या गालों पर कोई ठंडी चीज रखें. जेफ्री के अनुसार, ऐसा करने से शरीर शांत होता है, दिल की धड़कन धीरे-धीरे सामान्य होने लगती है और मन भी थोड़ा स्टेबल महसूस करता है.

2. सामने वाले को खुद गलत न ठहराएं

कई बार गुस्सा तब और भी ज्यादा बढ़ जाता है जब हम सामने की गलती को यह मान लेते हैं कि उसने जानबूझकर किया है. थेरेपिस्ट का कहना है कि किसी को तुरंत गलत ठहराने से पहले रुककर खुद से पूछें, 'क्या इसके पीछे कोई और वजह भी हो सकती है?'. दरअसल, ऐसा हो सकता है कि सामने वाले ने आपको देखा ही न हो, या फिर उससे अनजाने में कोई गलती हो गई हो. हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि आप किसी के गलत व्यवहार को नजरअंदाज कर दें. लेकिन आप अपने मन में ही खुद कहानी बनाकर गुस्सा न करें.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Unsplash

3. अपने इमोशन्स को समझें

जेफ्री का कहना है कि अगर कोई बात आपको परेशान कर रही है, तो उसे पूरी तरह दबाने की कोशिश न करें. खुद को 5 से 10 मिनट दें और सोचें कि आखिर आपको किस बात से बुरा लगा है. इसके लिए आप अपने इमोशन्स को लिख भी सकते हैं. लेकिन इसके बाद अपना ध्यान किसी और काम में लगाएं. दरअसल, जब हम एक ही घटना या बात को बार-बार अपने दिमाग में दोहराते रहते हैं, तो गुस्सा और नाराजगी कम होने के बजाय और बढ़ने लगती है. ऐसे में जरूरी है कि अपने इमोशन्स को समझें और थोड़ा वक्त दें.

4. धीरे-धीरे सांस लें

जेफ्री अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताते हैं कि जब गुस्सा आए तो सिर्फ एक मिनट के लिए धीरे-धीरे सांस लें. 4 सेकंड तक सांस अंदर लें और करीब 6 सेकंड में बाहर छोड़ें. उनका कहना है कि गुस्से को बाहर निकालने की जगह शरीर को शांत करना ज्यादा असरदार तरीका है. इससे मन और इमोशन्स दोनों जल्दी शांत हो जाते हैं.

5. अच्छी नींद, एक्सरसाइज है जरूरी

जेफ्री ने बताया कि गुस्से को कंट्रोल करने के लिए अच्छी नींद लें, नियमित रूप से एक्सरसाइज और रोज कुछ समय धूप में बिताएं. दरअसल, जब शरीर और मन थका हुआ होता है, तो छोटी-छोटी बातें भी ज्यादा परेशान करने लगती हैं.

यह भी पढ़ें: हैप्पी कपल्स का सीक्रेट, 5 आदतें जो कपल्स रात को सोने से पहले हर रात करते हैं, रिश्ते में कभी नहीं आती दूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Relationship Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com