विज्ञापन

हैप्पी कपल्स का सीक्रेट, 5 आदतें जो कपल्स रात को सोने से पहले हर रात करते हैं, रिश्ते में कभी नहीं आती दूरी

खुशहाल रिश्ते सिर्फ बड़े-बड़े रोमांटिक इशारों से नहीं बनते. डेली रूटीन की छोटी-छोटी आदतें भी कपल्स को एक-दूसरे के करीब लाती हैं. सोने से पहले कुछ मिनट साथ बिताना, फोन दूर रखना और प्यार से दिन खत्म करना रिश्ते को मजबूत बना सकता है.

हैप्पी कपल्स का सीक्रेट, 5 आदतें जो कपल्स रात को सोने से पहले हर रात करते हैं, रिश्ते में कभी नहीं आती दूरी
हैप्पी कपल्स का सीक्रेट
Shutterstock

दिन भर की भागदौड़, काम और जिम्मेदारियों के बीच रिश्तों को समय देना आसान नहीं होता, लेकिन खुशहाल और मजबूत रिश्ते बड़े सरप्राइज से नहीं, बल्कि रोज की छोटी-छोटी आदतों से बनते हैं. दिनभर काम, घर, परिवार और दूसरी जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने के बाद रात का समय कपल्स को एक-दूसरे के साथ सुकून के कुछ पल बिताने का मौका देता है. ऐसे में जरूरी नहीं कि हर रात कोई लंबी बातचीत हो या कोई खास रोमांटिक प्लान बनाया जाए. कई बार साथ बैठकर कुछ मिनट बात करना, एक-दूसरे का हाल पूछना या बस पास बैठना ही काफी होता है. हैप्पी कपल्स इन छोटे पलों को नजरअंदाज नहीं करते.

अगर, आप भी अपने रिश्ते में प्यार, भरोसा और अपनापन बनाए रखना चाहते हैं, तो उन आदतों से सीख सकते हैं जिन्हें हैप्पी कपल्स हर रात सोने से पहले अपनाते हैं. चलिए आपको बताते हैं सोने से पहले की वह 5 आदतें, जो रिश्ते में मिठास घोल देती हैं.

एक-दूसरे का हाल पूछना

हैप्पी कपल्स सोने से पहले एक-दूसरे से पूछते हैं कि दिन कैसा रहा. यह बातचीत बहुत लंबी हो, ऐसा जरूरी नहीं है. पार्टनर के काम का कोई मजेदार किस्सा, परेशानी या दिनभर की कोई छोटी बात सुनना भी उसे यह एहसास दिलाता है कि उसकी जिंदगी आपके लिए मायने रखती है. इस दौरान हर समस्या का समाधान निकालना जरूरी नहीं. कई बार सिर्फ ध्यान से सुन लेना ही काफी होता है.

फोन से थोड़ी देर के लिए दूरी

बिस्तर पर साथ होते हुए भी अगर दोनों फोन में व्यस्त रहें तो साथ होने का असली फायदा कम हो जाता है. हैप्पी कपल्स सोने से पहले कुछ समय के लिए फोन, सोशल मीडिया और काम के मैसेज से दूरी बनाने की कोशिश करते हैं. यह समय बातचीत करने, साथ बैठने या चुपचाप एक-दूसरे के करीब रहने में बिताया जा सकता है. कुछ मिनटों की यह स्क्रीन-फ्री आदत रिश्ते में जुड़ाव बढ़ा सकती है.

हर छोटी बात पर बहस नहीं करना

अगर, किसी बात को लेकर मतभेद हो गया है तो ऐसा जरूरी नहीं है कि उसे सोने से पहले खत्म किया जाए. कई बार थकान और गुस्से में बातचीत और ज्यादा बिगड़ सकती है. समझदार कपल्स जानते हैं कि कब किसी बात को थोड़ी देर के लिए रोक देना बेहतर है. इसका मतलब समस्या को नजरअंदाज करना नहीं है, बल्कि वे तय कर सकते हैं कि सुबह शांत दिमाग से इस बारे में बात करेंगे.

प्यार जताने का मौका नहीं छोड़ना

प्यार जताने के लिए बड़े-बड़े इशारों की जरूरत नहीं होती. सोने से पहले एक झप्पी, हाथ पकड़ना, माथे पर किस करना या पार्टनर के थोड़ा करीब होकर लेटना भी बहुत कुछ कह सकता है. ऐसे छोटे-छोटे स्पर्श पार्टनर को सुरक्षा और अपनापन महसूस करा सकते हैं. रोज की जिम्मेदारियों के बीच ये पल रिश्ते की गर्माहट बनाए रखते हैं.

दिन का अंत अच्छी बात से करें

हैप्पी कपल्स कोशिश करते हैं कि दिन खत्म होने से पहले पार्टनर को कुछ अच्छा कहें. यह धन्यवाद हो सकता है, किसी काम की तारीफ या फिर सिर्फ इतना कहना कि तुम मेरे लिए बहुत खास हो. बात छोटी हो सकती है, लेकिन अगर दिल से कही जाए तो उसका असर बड़ा होता है. पार्टनर को यह महसूस होता है कि उसकी कोशिशों और मौजूदगी की कद्र की जाती है.

छोटी आदतें बनाती हैं मजबूत रिश्ता

मजबूत रिश्ते सिर्फ महंगे तोहफों या बड़े रोमांटिक सरप्राइज से नहीं बनते. रोज के छोटे-छोटे व्यवहार, बातचीत, प्यार और सम्मान ही रिश्ते की नींव मजबूत करते हैं. सोने से पहले बिताए गए कुछ शांत मिनट इसी जुड़ाव को बनाए रखने का आसान तरीका हो सकता है.

यह भी पढ़ें:- प्यार कोई स्कोरबोर्ड नहीं है, रिश्ते में इन 5 चीजों की गिनती न करें, वरना बढ़ सकती हैं दूरियां

यह भी पढ़ें:- रिश्ते में नहीं मिल रही अहमियत, क्या आपका पार्टनर आपको हल्के में लेने लगा है? इन 5 संकेतों से करें पहचान 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Happy Couples, Relationship Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com