विज्ञापन

हल्दी कैसे लगाई जाती है? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें गमले में हल्दी कैसे लगाएं, हल्दी का पौधा कितने दिन में फल देता है

गार्डनिंग एक्सपर्ट अनु और वरुण ने घर पर गमले या ग्रो बैग में हल्दी उगाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

हल्दी कैसे लगाई जाती है? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें गमले में हल्दी कैसे लगाएं, हल्दी का पौधा कितने दिन में फल देता है
गमले में हल्दी कैसे उगाएं?
(Photo Credit: Instagram)

हल्दी का इस्तेमाल लगभग हर भारतीय किचन में किया जाता है. ये न केवल खाने का स्वाद बढ़ाने में मदद करती है, बल्कि हल्दी को सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. ऐसे में आप चाहें, तो अपने घर पर ही बड़ी आसानी से हल्दी उगा सकते हैं. अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको अलग से हल्दी के बीज या किसी और चीज की भी जरूरत नहीं होगी. आप अपनी किचन में रखी हल्दी की गांठ से ही हल्दी का पौधा उगा सकते हैं. गार्डनिंग एक्सपर्ट अनु और वरुण ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने घर पर गमले या ग्रो बैग में हल्दी उगाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

घर पर हल्दी कैसे उगाएं?

गार्डनिंग एक्सपर्ट के मुताबिक, घर पर हल्दी उगाने के लिए आपको ऐसी हल्दी की गांठ चाहिए, जिसमें स्प्राउट यानी कोंपल निकली हुई हो. इसके लिए कोई भी हल्दी की गांठ लें, इसे कुछ दिनों के लिए ऐसी जगह रखें, जहां से इसमें छोटी-छोटी स्प्राउट निकल आएं. जब गांठ पर कोंपल दिखाई देने लगे, तब इसे मिट्टी में लगाने के लिए तैयार किया जा सकता है.

हल्दी उगाने के लिए कितना बड़ा गमला चाहिए?

एक्सपर्ट बताते हैं, हल्दी लगाने के लिए करीब 12 से 15 इंच का गमला या ग्रो बैग लिया जा सकता है. हल्दी मिट्टी के अंदर अपनी नई गांठें बनाती है, फिर इन्हीं से नए पौधे निकलते हैं. इसलिए गमले का आकार थोड़ा बड़ा रखें ताकि गांठों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके.

हल्दी के पौधे के लिए मिट्टी कैसे तैयार करें?

एक्सपर्ट के मुताबिक, हल्दी की मिट्टी हल्की और नम होनी चाहिए, साथ ही मिट्टी अच्छी तरह से ड्रेन भी हो. इसके लिए 40 प्रतिशत गार्डन सॉयल में 30 प्रतिशत कंपोस्ट या वर्मीकंपोस्ट और 30 प्रतिशत कोकोपीट डालकर अच्छी तरह चला लें. बस इतना करते ही आपकी मिट्टी तैयार हो जाएगी.

गमले में हल्दी कैसे उगाएं?

ग्रो बैग या गमला लेने के बाद इसे करीब 70-80 प्रतिशत तक मिट्टी से भर दें. इसके बाद स्प्राउट हुई हल्दी की गांठ को केवल 2-3 इंच गहराई में लगाएं. ध्यान रखें कि हल्दी की कोंपल ऊपर की तरफ रहें. इसके बाद ऊपर से थोड़ी और मिट्टी डाल दें. अब, मिट्टी में अच्छी तरह पानी दें. 

हल्दी का पौधा कितने दिन में फल देता है?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, हल्दी लगाने के बाद करीब दो हफ्तों में इसमें नए पौधे दिखाई देने लग सकते हैं. इसके बाद ग्रो बैग को ऐसी जगह रखें, जहां पौधे को रोजाना करीब 4 से 6 घंटे की सीधी धूप मिल सके. मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें. अच्छी देखभाल के बाद हल्दी की गांठें करीब 7-8 महीनों में हार्वेस्ट के लिए तैयार हो जाती हैं.

इस तरह थोड़ी सी मेहनत और सही देखभाल के साथ आप अपने घर की बालकनी, छत या गार्डन में ही ताजी हल्दी उगा सकते हैं.

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- पीस लिली के पौधे में फूल नहीं आ रहे हैं तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें पीस लिली को कितनी बार पानी देना चाहिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com