आज के समय में मोटापा बहुत ही आम समस्या हो गई है. हर चौथा इंसान अपना वजन कम करने की बात करता है. हालांकि, वजन कम करना बहुत ही मुश्किल सफर है. वजन कम करने के लिए लोग खाने-पीने से लेकर उठने-बैठने तक अपने पूरे लाइफस्टाइल में बदलाव करने लगते हैं. वजन घटाने की शुरुआत अक्सर बड़ी योजनाओं और चुनौतियों से होती है, लेकिन जो लोग धैर्यवान, मेहनती और सही आदतें अपनाते हैं, वे ही अपने टारगेट तक पहुंच पाते हैं. फिटनेस इन्फ्लुएंसर हेली मून ने अपने इंस्टाग्राम पर अपने वजन कम करने का सफर शेयर किया है. चलिए आपको बताते हैं वजन कम करने के लिए क्या करना चाहिए?
पैदल चलना
हेली ने कहा कि वजन घटाने के लिए पैदल चलना सबसे कम आंका जाने वाला व्यायाम है. खुली हवा में 30 से 45 मिनट तक पैदल चलने से न केवल शरीर एक्टिव रहता है, बल्कि मन भी शांत होता है. उन्होंने कहा कि इससे चर्बी तेजी से कम करने में भी मदद मिलती है.
पर्याप्त पानी पिएं
हेली ने बताया कि पर्याप्त पानी पीना उनके वजन घटाने के सफर का एक अहम हिस्सा था. उनके अनुसार, जब उन्होंने हर दिन अधिक पानी पीना शुरू किया, तो उनकी खाने की इच्छा काफी कम हो गई. इसके साथ ही, दिन भर काम करने की उनकी एनर्जी भी बढ़ गई. पानी पीने के साथ-साथ उन्होंने हर दिन एक गिलास इलेक्ट्रोलाइट्स लेने की भी सलाह दी, जो शरीर में पानी और आवश्यक खनिजों का संतुलन बनाए रखता है.
100 ग्राम प्रोटीन
हेली ने वजन घटाने के लिए प्रतिदिन कम से कम 100 ग्राम प्रोटीन का सेवन करने की सलाह दी. अपना अनुभव शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि प्रतिदिन कम से कम 100 ग्राम प्रोटीन का सेवन करने से उन्हें लंबे समय तक भूख नहीं लगती थी. इसके साथ ही उन्हें भूख भी कम लगती थी और इससे मांसपेशियों के निर्माण में भी मदद मिली.
सुबह उठने के बाद दिन भर क्या करें?
हेली ने कहा कि सुबह उठने के बाद सबसे पहले आपको व्यायाम या ध्यान करना चाहिए. इसके अलावा कम से कम 30 मिनट तक अपने फोन से दूर रहना चाहिए. उनका मानना है कि इससे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार होता है. उन्होंने यह भी कहा कि इसे दो सप्ताह तक आजमाकर देखें. आप महसूस करेंगे कि आपका तनाव कम हो गया है, आपकी नींद में सुधार हुआ है और आपके पास पहले से कहीं अधिक एनर्जी, एकाग्रता और शांति है.
फाइबर
हेली ने कहा कि वजन घटाने के लिए, अपने आहार में कम से कम तीन प्रकार की फाइबर युक्त सब्जियां जरूर शामिल करें. दरअसल, फाइबर कार्बोहाइड्रेट को पचाने की प्रक्रिया को आसान बनाता है और पाचन तंत्र को सही ढंग से काम करने में मदद करता है. इसके अलावा, यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है और भूख को कम करता है.
यह भी पढ़ें:- क्या सच में नहाते समय दो बार साबुन लगाना चाहिए? जानिए डबल क्लींजिंग का ट्रेंड कितना सही
यह भी पढ़ें:- क्या आप चुपचाप अपनी जिंदगी बदलना चाहते हैं? जानिए जापान की 5 आदतें जो सिखाती हैं सुकून से जीना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं