एक्ने और पिंपल्स की समस्या सिर्फ चेहरे तक ही सीमित नहीं रहती. कई लोगों के माथे, ठुड्डी, पीठ, छाती और सिर की त्वचा (स्कैल्प) पर भी पिंपल्स निकल आते हैं. ऐसे में ज्यादातर लोग हर जगह होने वाले पिंपल्स पर एक ही क्रीम लगा लेते हैं, लेकिन ऐसा करना सही नहीं है. शरीर के हर हिस्से की स्किन अलग होती है, इसलिए वहां होने वाले एक्ने का इलाज भी अलग हो सकता है. इसी कड़ी में मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट अंकुर सरीन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन के डॉक्टर ने बताया है कि शरीर के किस हिस्से पर पिंपल्स होने पर कौन-सी चीजें लगाना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है. आइए जानते हैं इस बारे में-
माथे पर पिंपल्स हैं तो क्या लगाएं?
डर्मेटोलॉजिस्ट कहते हैं, अगर आपके माथे पर बार-बार पिंपल्स निकलते हैं, तो सैलिसिलिक एसिड (Salicylic Acid) और एजेलाइक एसिड (Azelaic Acid) वाले प्रोडक्ट्स फायदेमंद हो सकते हैं. सैलिसिलिक एसिड त्वचा के बंद पोर्स को साफ करता है और अतिरिक्त तेल हटाने में मदद करता है. वहीं, एजेलाइक एसिड पिंपल्स की सूजन कम करता है और पिंपल्स के बाद रह जाने वाले दाग हल्के करने में भी मदद करता है.
पीठ पर एक्ने होने पर क्या करें?डॉक्टर कहते हैं, पीठ की त्वचा चेहरे की तुलना में थोड़ी मोटी होती है. इसलिए यहां ग्लाइकोलिक एसिड (Glycolic Acid) और लैक्टिक एसिड (Lactic Acid) वाले प्रोडक्ट्स अच्छे माने जाते हैं. ये त्वचा पर जमी गंदगी और डेड स्किन को हटाते हैं, जिससे पोर्स साफ रहते हैं और पिंपल्स धीरे-धीरे कम होने लगते हैं.
छाती पर पिंपल्स हों तो क्या करें?अगर आपकी छाती पर बार-बार पिंपल्स निकलते हैं, तो सैलिसिलिक एसिड और रेटिनॉल (Retinol) का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है. सैलिसिलिक एसिड पोर्स को साफ करता है, जबकि रेटिनॉल नई त्वचा बनने के प्रोसेस को तेज करता है. इससे नए पिंपल्स आने की संभावना कम हो सकती है.
स्कैल्प पर पिंपल्स होने पर क्या लगाएं?कई लोगों के सिर की त्वचा यानी स्कैल्प पर भी बार-बार पिंपल्स निकल आते हैं. इस कंडीशन में डर्मेटोलॉजिस्ट सैलिसिलिक एसिड और केटोकोनाजोल (Ketoconazole) वाले प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं. सैलिसिलिक एसिड स्कैल्प पर जमा तेल और गंदगी को साफ करता है. वहीं, केटोकोनाजोल फंगल इंफेक्शन को कम करने में मदद करता है. कई बार स्कैल्प पर होने वाले पिंपल्स की वजह फंगल इंफेक्शन भी होता है.
ठुड्डी और जॉलाइन पर पिंपल्स को नजरअंदाज न करेंइन सब से अलग डर्मेटोलॉजिस्ट कहते हैं, अगर बार-बार आपकी ठुड्डी और जॉलाइन के आसपास पिंपल्स हो रहे हैं, तो इसकी वजह हार्मोनल बदलाव भी हो सकता है. ऐसे में सिर्फ क्रीम लगाने से फायदा नहीं मिलता. इस कंडीशन में डॉक्टर से मिलकर हार्मोन की जांच करवाना जरूरी हो सकता है.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- Hair Care Tips: प्रियंका चोपड़ा की मां का देसी नुस्खा, मेहंदी में मिलाकर लगाएं ये चीज, बाल बनेंगे सिल्की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं