घर में पौधे लगाना बहुत से लोगों को पसंद होता है. लेकिन कई बार पौधों की अच्छी देखभाल करने के बाद भी उनमें फूल नहीं आते हैं, पत्तियां गिरने लगती हैं या पौधे की ग्रोथ एक ही जगह रुक जाती है. ऐसे में लोग बाजार से महंगी खाद और फर्टिलाइजर खरीदकर पौधों में डालते हैं. लेकिन आप चाहें, तो घर पर ही केवल 2 चीजों की मदद से अपने पौधों के लिए नेचुरल और बेहद फायदेमंद खाद तैयार कर सकते हैं. ये दो चीजें हैं- एलोवेरा और हल्दी. गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने एलोवेरा और हल्दी से पौधों के लिए खास खाद बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में, साथ ही जानेंगे पौधों में एलोवेरा और हल्दी डालने से क्या होता है-
कितनी मात्रा में लें एलोवेरा और हल्दी?
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, पौधों के लिए खाद बनाने के लिए आपको 1-2 ताजी एलोवेरा की पत्तियां और 1 कच्ची हल्दी के छोटे टुकड़े की जरूरत होगी. अगर घर में कच्ची हल्दी नहीं है, तो इसकी जगह हल्दी पाउडर भी इस्तेमाल कर सकते हैं. 1-2 चम्मच हल्दी पाउडर काफी है.
कैसे बनाएं खाद?- खाद बनाने के लिए सबसे पहले एलोवेरा की पत्तियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. आपको इन्हें छीलने की जरूरत नहीं है.
- अब, कच्ची हल्दी को भी छोटे टुकड़ों में काट लें. दोनों चीजों को मिक्सी में डालकर अच्छी तरह पीस लें.
- कुछ देर पीसने के बाद एलोवेरा और हल्दी का गाढ़ा मिश्रण तैयार हो जाएगा.
- इतना करते ही आपकी खाद बनकर तैयार हो जाएगी, लेकिन आपको इस मिश्रण को सीधे पौधे में नहीं डालना है.
तरुण चोपड़ा बताते हैं, तैयार मिश्रण का करीब 1 बड़ा चम्मच लें और इसे 1 लीटर पानी में अच्छी तरह मिला दें. अगर समय हो तो इस पानी को करीब 24 घंटे के लिए छोड़ सकते हैं. इसके बाद इस 1 लीटर घोल को 10 लीटर पानी में मिला लें.
पौधे में खाद डालने से पहले गमले की मिट्टी की हल्की गुड़ाई कर लें. इसके बाद गमले को 1-2 दिन के लिए छोड़ दें. इससे मिट्टी में हवा पहुंच जाएगी और मिट्टी थोड़ी सूख जाएगी. इसके बाद तैयार घोल को पौधे की मिट्टी में डाल सकते हैं.
इससे अलग इस घोल का स्प्रे भी पौधे पर किया जा सकता है. इसके लिए पहले तैयार मिश्रण को अच्छी तरह छान लें. अब, 1 लीटर पानी में करीब आधा चम्मच छना हुआ मिश्रण डालें. इसे स्प्रे बोतल में भरकर पौधे की पत्तियों और तने पर हल्का स्प्रे किया जा सकता है.
इस खाद को पौधों में कितने दिन बाद डालें?गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं कि सर्दियों में इस घोल का इस्तेमाल करीब 20-22 दिन के बाद दोबारा किया जा सकता है. जबकि गर्मियों में आप करीब 15 दिन के अंतर पर इस खाद को दोबारा से पौधों में दे सकते हैं.
पौधे की मिट्टी में एलोवेरा और हल्दी डालने से क्या होता है?एक्सपर्ट के अनुसार, एलोवेरा और हल्दी का यह मिश्रण पौधे की ग्रोथ को बढ़ाने, जड़ों को मजबूत करने और पौधे पर फ्लावरिंग बढ़ाने में मदद कर सकता है. हल्दी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण पाए जाते हैं, जबकि एलोवेरा में भी कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. ऐसे में इस नेचुरल खाद को डालने से आपको अपने पौधों को हरा-भरा और घना बनाने में मदद मिल सकती है. साथ ही पौधे पर भर-भरकर फूल भी आ सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- नए कपड़ों का रंग निकलने से कैसे बचाएं? इस आसान तरीके से पक्का हो जाएगा कपड़े का रंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं