अगर आप भी दिल्ली से नैनीताल घूमने जाने का प्लान बनाते हैं, तो आने वाले समय में आपका सफर काफी आसान और तेज हो सकता है. अक्सर छुट्टियों और वीकेंड पर दिल्ली से नैनीताल जाने वाले रास्तों पर लंबा जाम देखने को मिलता है, जिससे यात्रा थका देने वाली हो जाती है, लेकिन अब बरेली और हल्द्वानी के बीच बनने वाला नया एक्सप्रेसवे इस परेशानी को काफी हद तक कम कर सकता है. माना जा रहा है कि इस सड़क के बनने के बाद दिल्ली-एनसीआर से नैनीताल पहुंचने में 3 घंटे से ज्यादा समय की बचत होगी. यही वजह है कि ट्रैवल करने वालों के लिए ये प्रोजेक्ट काफी खास माना जा रहा है.
क्या है नया बरेली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बरेली और हल्द्वानी को जोड़ने के लिए करीब 100 किलोमीटर लंबा नया एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है. ये चार लेन की हाई-स्पीड सड़क होगी, जिससे गाड़ियों की आवाजाही पहले के मुकाबले ज्यादा तेज हो सकेगी बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है.
दिल्ली से नैनीताल का सफर होगा छोटा
इस एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को मिलेगा. अभी दिल्ली से नैनीताल पहुंचने में कई घंटे लग जाते हैं, लेकिन नई सड़क बनने के बाद सफर का समय 3 घंटे से ज्यादा कम हो सकता है, इससे लोग कम समय में अपने पसंदीदा हिल स्टेशन तक पहुंच सकेंगे.
पहाड़ घूमने वालों के लिए बड़ी राहत
हल्द्वानी को कुमाऊं इलाके का एंट्री गेट माना जाता है. यहां से नैनीताल, भीमताल, मुक्तेश्वर, रानीखेत, अल्मोड़ा, कौसानी और पिथौरागढ़ जैसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों तक जाया जाता है. नई सड़क बनने के बाद इन जगहों तक पहुंचना पहले से आसान हो जाएगा और सफर भी ज्यादा आरामदायक रहेगा.
नए रूट पर बनेगी सड़क
इस एक्सप्रेसवे को ग्रीनफ़ील्ड कॉरिडोर के रूप में तैयार किया जा रहा है. आसान भाषा में कहें तो ये सड़क पुराने रास्ते को चौड़ा करके नहीं, बल्कि बिल्कुल नए रूट पर बनाई जाएगी, इससे ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
कारोबार को भी होगा फायदा
बेहतर सड़क बनने से सिर्फ यात्रियों को ही नहीं, बल्कि सामान की आवाजाही भी तेज होगी. इससे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: बिना केमिकल्स के चमकती त्वचा कैसे पाएं? अपनाएं शहनाज़ हुसैन के ये 5 आयुर्वेदिक टिप्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं