विज्ञापन

Musafir Cafe से सीखें ये 5 बड़े Dating Lesson, रिलेशनशिप एक्सपर्ट ने बताया रिश्ते में हमेशा रहेंगे खुश

रिलेशनशिप कोच और ऑथर जवाल भट्ट ने Musafir Cafe के किरदारों और उनकी कहानी के आधार पर 5 जरूरी बातें बताई हैं. जवाल भट्ट कहते हैं कि हर किसी को इस सीरीज से 5 सबक जरूर लेने चाहिए.

Musafir Cafe से सीखें ये 5 बड़े Dating Lesson, रिलेशनशिप एक्सपर्ट ने बताया रिश्ते में हमेशा रहेंगे खुश
Musafir Cafe से सीखें रिश्तों के 5 बड़े सबक
(Photo Credit: @Vikrant Massey/Instagram)

आज के समय में किसी को डेट करने या रिलेशनशिप को निभाने का तरीका पहले से काफी बदल गया है. ज्यादातर लोग ये मानते हैं कि अब एक अच्छे रिश्ते के लिए सिर्फ किसी को पसंद करना या प्यार करना ही काफी नहीं है.  बल्कि दोनों लोगों की सोच, पसंद, सपने और भविष्य को लेकर समझ का मिलना भी जरूरी है. कई बार दो लोग एक-दूसरे को बहुत पसंद करते हैं, उनके बीच अच्छी केमिस्ट्री भी होती है, फिर भी उनकी राहें अलग हो जाती हैं. इसकी वजह प्यार की कमी नहीं, बल्कि सोच, सपनों और जिंदगी की जरूरतों का अलग होना हो सकता है. नेटफ्लिक्स की हालिया रोमांटिक-ड्रामा सीरीज 'मुसाफिर कैफे' (Musafir Cafe)  रिश्तों की इसी सच्चाई को बहुत अच्छे तरीके से दिखाती है. चंदर, सुधा और प्रीति की कहानी में प्यार, आकर्षण, सपने, पुराने रिश्ते और आगे बढ़ने जैसे कई पहलू देखने को मिलते हैं. सीरीज के किरदार आज की डेटिंग लाइफ से जुड़े कई जरूरी सबक देते हैं. इसी कड़ी में फेमस रिलेशनशिप कोच और ऑथर जवाल भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में उन्होंने 'मुसाफिर कैफे' से रिश्ते के लिए 5 जरूरी सबक लेने की सलाह दी है. आइए जानते हैं इस बारे में- 

नंबर 1- सिर्फ प्यार से रिश्ता नहीं चलता

चंदर और सुधा एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे. दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग, अट्रैक्शन और कनेक्शन भी था. लेकिन दोनों की जिंदगी को लेकर सोच अलग है. वे भविष्य में अलग तरह की जिंदगी चाहते हैं. यही बात बताती है कि रिश्ते में प्यार के साथ एक जैसी सोच होना भी जरूरी है. अगर एक व्यक्ति शहर में रहकर बड़ा करियर बनाना चाहता है और दूसरा शांत और साधारण जिंदगी चाहता है, तो आगे चलकर दोनों के बीच परेशानी हो सकती है. इसलिए रिश्ते में यह समझना जरूरी है कि दोनों लोग भविष्य में क्या चाहते हैं.

नंबर 2- प्यार के लिए खुद को पूरी तरह न बदलें

किसी रिश्ते को बचाने के लिए अपनी पसंद, सपने और पहचान को पूरी तरह छोड़ देना सही नहीं है. चंदर सुधा के साथ रहने के लिए अपने सपनों और चाहतों से समझौता करने की कोशिश करता है. लेकिन ऐसा करने से रिश्ते में खुशी के बजाय मन में परेशानी और नाराजगी पैदा हो सकती है. एक अच्छा पार्टनक वो होता है जो आपको बदलने के बजाय आपको आपकी पहचान के साथ स्वीकार करे. रिश्ता ऐसा होना चाहिए जिसमें दोनों लोग एक-दूसरे का साथ दें और अपने सपनों को भी पूरा कर सकें.

नंबर 3- सिर्फ 'स्पार्क' देखकर रिश्ता न चुनें

आज किसी से पहली मुलाकात में ही अच्छा लगना, घंटों बात करना या बहुत ज्यादा अट्रैक्शन महसूस होना आम बात है. आपको लगने लगता है कि उस इंसान के साथ आपके रिश्ते में अलग ही स्पार्क है. सुधा और चंदर के रिश्ते में भी ऐसा ही स्पार्क देखने को मिलता है. दोनों के बीच प्यार और केमिस्ट्री बहुत मजबूत होती है, इसलिए उनका रिश्ता शुरुआत में बेहद प्यारा लगता है. वहीं, प्रीति का किरदार एक अलग तरह के रिश्ते को दिखाता है. उसका रिश्ता ज्यादा शांत और समझदारी वाला है. प्रीति रिश्ते को धीरे-धीरे मजबूत बनाने और भविष्य को बेहतर तरीके से बनाने पर ध्यान देती है. 

रिलेशनशिप कोच कहते हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि रिश्ते में प्यार या आकर्षण जरूरी नहीं है. ये भी रिश्ते का अहम हिस्सा हैं. लेकिन सिर्फ इन्हीं चीजों के आधार पर किसी को अपना जीवनसाथी चुनना सही नहीं है. स्पार्क से अलग इस बात पर ध्यान दें कि वो व्यक्ति मुश्किल समय में आपका साथ देता है या नहीं, आपकी बात समझता है या नहीं और आपके साथ भविष्य बनाने के लिए तैयार है या नहीं.

नंबर 4- पुराने रिश्ते को अधूरा छोड़कर नया रिश्ता न शुरू करें

अगर किसी व्यक्ति के मन में पुराने रिश्ते की यादें और भावनाएं अभी भी हैं, तो उसका असर नए रिश्ते पर जरूर पड़ सकता है. चंदर के मन में सुधा की यादें लंबे समय तक रहती हैं. इसका असर प्रीति के साथ उसके रिश्ते पर भी पड़ता है. इससे एक जरूरी बात सीखने को मिलती है कि नए रिश्ते में जाने से पहले पुराने रिश्ते से बाहर निकलना जरूरी है. इसका मतलब यह नहीं कि आप पुरानी यादों को भूल जाएं. बस आपको यह स्वीकार करना होगा कि वह रिश्ता अब आपकी जिंदगी का हिस्सा नहीं है.

नंबर 5- हर रिश्ता जिंदगी भर नहीं चलता

सुधा और चंदर जब कई साल बाद मिलते हैं, तो उनके बीच पुरानी लड़ाई या नफरत नहीं होती. दोनों अपने पुराने रिश्ते को समझते हैं और उस समय को याद करते हैं. यह दिखाता है कि हर रिश्ता शादी या हमेशा साथ रहने तक पहुंचे, यह जरूरी नहीं है. कुछ लोग हमारी जिंदगी में कुछ समय के लिए आते हैं. वे हमें प्यार, जिंदगी और खुद को समझने के बारे में कुछ सिखाते हैं और फिर अपनी राह पर आगे बढ़ जाते हैं. 

जवाल भट्ट कहते हैं, हर किसी को इस सीरीज से ये 5 सबक जरूर लेने चाहिए. इससे आप आगे अपने रिश्ते में हमेशा खुश और सुकून महसूस करेंगे. 

यह भी पढ़ें- रिश्ता खत्म करने के लिए ये 4 हिंट देती है आपकी बॉडी, Relationship Expert ने बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Musafir Cafe, Relationship
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com