घी सिर्फ खाने के लिए ही फायदेमंद नहीं होता, घी की मालिश भी बहुत अच्छी रहती है. रात को सोने से पहले पैरों में घी लगाना एक पुराना और पारंपरिक तरीका है, जिसे आजकल सूखी त्वचा, अच्छी नींद और अच्छी हेल्थ के लिए माना जाता है. घी स्किन के लिए भी फायदेमंद होता है. घी में भरपूर मात्रा में फैट होता है, जो स्किन पर एक सुरक्षात्मक परत बना देता है. इससे त्वचा की नमी बनी रहती है और रूखापन कम हो सकता है. अगर, आपके पैर बहुत ज्यादा सूखे, फटे या खुरदरे हैं, तो साफ पैरों पर थोड़ा-सा घी लगाकर हल्की मालिश करने से स्किन मुलायम हो सकती है. इसके अलावा पैरों में घी की मालिश से शरीर और मन को आराम मिलता है, जिससे रिलैक्स महसूस हो सकता है. चलिए आपको बताते हैं रात को सोते समय पैरों में घी लगाने से क्या होता है?
स्किन के लिए फायदेमंद
रात में पैरों में घी लगाने से स्किन में नमी बनी रहती है. ये त्वचा पर एक सुरक्षात्मक परत बना लेता है, जिससे रूखी स्किन से राहत मिलती है. रूखे और बेजान पैरों पर घी लगाने से वे कुछ समय के लिए मुलायम और चिकने हो जाते हैं. रात में पैरों को पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें. इसके बाद थोड़ा सा घी लें और उसे एड़ियों और अन्य सूखे हिस्सों पर हल्के हाथों से मालिश करें. पूरे पैर पर घी की मोटी परत लगाने की जरूरत नहीं है, बल्कि सूखी स्किन पर ध्यान दें. अगर, आपकी एड़ियां बहुत फटी हुई हैं, तो घी की जगह कोई मॉइस्चराइजर लगा सकते हैं.
थकान और तनाव दूर करने के लिए असरदार
दिनभर की भागदौड़ और थकान से शरीर सुस्त रहता है और रात में घर पहुंचे ही कुछ भी करने का मन नहीं करता. शरीर की सारी एनर्जी खत्म हो जाती है और सिर्फ बिस्तर दिखाई देता है. ऐसे में सोने से पहले पैरों पर हल्की मालिश करके घी लगाने से न सिर्फ थकान दूर होती है, बल्कि दिमाग को भी शांति मिलती है. ये तनाव कम करने और मन को रिलैक्स करने में मदद करता है.
पैरों में जलन
अगर, दिनभर की भागदौड़ के बाद रात में आपके पैरों में जलन महसूस होती है, तो आपके लिए घी असरदार साबित हो सकता है. तलवों में जलन महसूस होने पर घी लगाने से आराम मिल सकता है. हालांकि, जिन लोगों को घी लगाने के बाद अगर लालिमा और खुजली या दाने दिखाई दें, तो घी का इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें.
पैरों में दर्द और जकड़न से राहत
अगर, आपके पैरों में अक्सर दर्द या जकड़न महसूस होती है, तो आपको रात में सोने से पहले घी की मालिश करनी चाहिए. घी से मालिश करने पर मांसपेशियों को आराम मिलता है और दर्द धीरे-धीरे कम होने लगता है.
पैरों के तलवों में घी की मालिश कैसे करें
आयुर्वेद में पैरों के तलवों में घी की मालिश करना बहुत फायदेमंद माना जाता है. पैरों के तलवों में घी की मालिश करने के लिए पैर को अच्छी तरह धो लें और पोंछकर सूखा लें. आधा से एक चम्मच देसी घी को हल्का गुनगुना कर लें. इसके बाद घी को हाथ में लेकर तलवों, एड़ी और टखनों पर लगाएं और हल्के हाथों से मालिश करें.
यह भी पढ़ें:- केले के छिलके को पौधों में कैसे डालें? पौधों के लिए सस्ता घोल बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- कंबल-रजाई बिना धोए कैसे साफ करें? कंबल की बदबू दूर करने के आसान तरीके
यह भी पढ़ें:- गर्दन का कालापन कैसे दूर करें? गर्दन की गंदगी और टैनिंग हटाने के आसान तरीके
यह भी पढ़ें:- चेहरे के ब्लैकहेड्स कैसे साफ करें? नाक, ठुड्डी और माथे पर ब्लैकहेड्स हटाने के आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं