हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे की ग्रोथ सही तरीके से हो और खासकर बच्चे की हाइट अच्छी रहे. इसी कड़ी में अक्सर माता-पिता इस बात को लेकर थोड़े परेशान भी रहते हैं कि उनके बच्चे की लंबाई उम्र के हिसाब से बढ़ रही है या नहीं. खासकर जब दूसरे बच्चों की तुलना में उनका बच्चा छोटा दिखाई देता है, तो ये चिंता और बढ़ जाती है. इसी विषय पर मशहूर पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में डॉक्टर ने बच्चों की हाइट चेक करने का सही और बेहद आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
उम्र के हिसाब से कितनी होनी चाहिए बच्चे की हाइट?
डॉक्टर रवि मलिक के अनुसार, आप बच्चे की उम्र के हिसाब से उसकी हाइट चेक कर सकते हैं और पता लगा सकते हैं कि आपके बच्चे की हाइट ठीक से बढ़ रही है या नहीं. डॉक्टर के मुताबिक,
- जन्म के समय नवजात बच्चे की लंबाई लगभग 50 सेंटीमीटर होती है.
- एक साल की उम्र में बच्चे की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर हो जाती है.
- चार साल की उम्र में बच्चे की हाइट जन्म के समय की लंबाई के लगभग दोगुनी यानी 100 सेंटीमीटर हो जाती है.
- वहीं, 10 साल की उम्र में बच्चे की लंबाई लगभग 137 सेंटीमीटर हो सकती है.
डॉक्टर के मुताबिक, इस तरह पेरेंट्स अपने बच्चे की हाइट का सामान्य अंदाजा लगा सकते हैं. लेकिन, हर बच्चे की ग्रोथ एक जैसी नहीं होती है, इसलिए कुछ सेंटीमीटर का अंतर होना एकदम नॉर्मल है.
बच्चे की हाइट बढ़ाने के लिए क्या करें?इस सवाल का जवाब देते हुए पीडियाट्रिशियन कहते हैं, बच्चे की लंबाई सिर्फ जेनेटिक्स पर निर्भर नहीं करती है. इसके अलावा कई दूसरी चीजें भी उसकी ग्रोथ को प्रभावित करती हैं. जैसे- अच्छी डाइट, फिजिकल एक्टिविटी, पर्याप्त प्रोटीन और अच्छी नींद. इसलिए-
- अपने बच्चे को पोषण से भरपूर चीजें खाने के लिए दें. उसकी डाइट में दूध, दही, दाल, पनीर और अन्य प्रोटीन वाली चीजें शामिल करें.
- बच्चों को रोजाना कोई न कोई फिजिकल एक्टिविटी जरूर कराएं. उसे खेलने-कूदने दें. इससे भी उसकी हाइट पर बहुत असर पड़ता है.
- शरीर की ग्रोथ और मांसपेशियों के विकास के लिए प्रोटीन जरूरी है. इसलिए अपने बच्चे की डाइट से प्रोटीन से भरपूर चीजों को शामिल करें.
- इन सब से अलग नींद का भी बच्चे की ग्रोथ पर सीधा असर पड़ता है, इसलिए कोशिश करें कि आपका बच्चा रोज समय पर सोए और कम से कम 8 से 9 घंटे की अच्छी नींद ले.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें-मां लक्ष्मी के नाम पर रखें अपनी बेटी का नाम, यहां देखें 10 यूनिक और छोटे नामों की लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं