छोटे बच्चे खेलते समय अक्सर चीजों को मुंह में डाल लेते हैं या कई बार बच्चे खाने को ठीक से चबा नहीं पाते हैं और खाना गले में फंस जाता है. इससे बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने लगती है. अब, इस कंडीशन में ज्यादातर पेरेंट्स घबरा जाते हैं और समझ नहीं पाते हैं कि क्या करना चाहिए. इसी को लेकर मशहूर पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बताया है कि चोकिंग यानी बच्चे के गले में कुछ फंसने पर सबसे पहले क्या करना चाहिए. आइए जानते हैं इस बारे में-
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
डॉक्टर रवि मलिक कहते हैं, अगर बच्चे के गले में कोई चीज फंस जाए, तो सबसे पहले घबराएं नहीं. ये देखें कि बच्चा खांस पा रहा है या नहीं. अगर बच्चा जोर से खांस रहा है और सांस ले पा रहा है, तो उसे खांसने दें. खांसी से फंसी हुई चीज बाहर निकल सकती है.
खांसी से न निकले तो क्या करें?पीडियाट्रिशियन कहते हैं, अगर बच्चा एक साल से छोटा है और चोक कर रहा है, तो उसे अपने हाथ पर पेट के बल लिटाएं. बच्चे के सिर को थोड़ा नीचे की ओर रखें और गर्दन को सहारा दें. इसके बाद बच्चे की पीठ पर दोनों कंधों के बीच हथेली के निचले हिस्से से पांच बार थपकी दें. डॉक्टर रवि मलिक कहते हैं कि इस तरह थपकी देने से गले में अटकी हुई चीज बाहर आ जाती है.
हालांकि, अगर 5 बार थपकी देने के बाद भी चीज बाहर न निकले, तो बच्चे को सावधानी से पीठ के बल पलटें. सिर को सहारा देते हुए बच्चे की छाती के ठीक बीच में अपनी दो उंगलियों से पांच बार हल्का दबाव दें. ऐसा करने से भी बच्चे के गले में अटकी हुई चीज बाहर आ सकती है.
कब है डॉक्टर को दिखाने की जरूरत?पीडियाट्रिशियन कहते हैं, अगर ये दो काम करने के बाद भी बच्चे को आराम नहीं मिलता है या पहले ही बच्चे को सांस लेने में दिक्कत हो रही है, तो तुरंत नजदीकी डॉक्टर के पास जाएं. बच्चे के मुंह में फंसी चीज को तभी खुद से निकालने की कोशिश करें, जब बच्चा खांसी ले रहा हो और आपको अटकी हुई चीज साफ दिखाई दे हो. बिना देखे बच्चे के मुंह में उंगली न डालें, इससे चीज और अंदर जा सकती है. इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप बच्चे को आराम पहुंचा सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- हनुमान जी के नाम पर बच्चों के नाम, यहां देखें लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं