नवरात्रि चल रहे हैं और हिंदू धर्म में नवरात्रि का खास महत्व है. इन 9 दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, नवरात्रि के हर दिन मां दुर्गा के एक विशेष रूप की आराधना की जाती है. इन दिनों सच्चे मन से मां की पूजा करने और व्रत रखने से देवी दुर्गा का आशीर्वाद मिलता है. नवरात्रि के मौके पर भक्त माता रानी के दर्शन करने पहुंचते हैं. करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए देवी सिर्फ मंदिर में पूजी जाने वाली एक देवता नहीं हैं, बल्कि वे शक्ति का स्वरूप हैं. भारत में मां दुर्गा, काली, लक्ष्मी, सरस्वती, अंबा और अन्य शक्ति रूप के प्रसिद्ध मंदिर है. जहां हर भक्त को कम से कम एक बार जरूर जाना चाहिए.
कामाख्या मंदिर, असम
गुवाहाटी के नीलाचल पहाड़ी पर स्थित कामाख्या मंदिर बहुत प्रसिद्ध है. ये मंदिर देवी शक्ति के सृजन स्वरूप से जुड़ा माना जाता है और अपनी अनूठी पूजा के लिए जाना जाता है. हर साल यहां अंबुबाची मेला लगता है, जो मंदिर का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन होता है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं.
श्री माता वैष्णो देवी, जम्मू-कश्मीर
श्री माता वैष्णो देवी में हर साल लाखों भक्त दर्शन के लिए जाते हैं. कटरा के पास त्रिकुटा पर्वत पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर है. भक्त पहाड़ी रास्ते से पैदल चलते हुए माता के दरबार तक पहुंचते हैं और दर्शन करते हैं.
ज्वाला जी मंदिर, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित ज्वाला जी मंदिर में प्राकृतिक रूप से ज्योतियां प्रज्वलित रहती है. इन अखंड ज्योतियों को देवी ज्वाला का स्वरूप माना जाता है. हर साल इस मंदिर में लाखों भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
कालीघाट काली मंदिर, पश्चिम बंगाल
कोलकाता में स्थित कालीघाट काली मंदिर बहुत प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है. इसे शक्तिपीठों में से एक गिना जाता है और यह मां सती से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के कारण विशेष महत्व रखता है. ये मंदिर कोलकाता की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है.
मीनाक्षी अम्मन मंदिर, तमिलनाडु
तमिलनाडु के मदुरै शहर में स्थित मीनाक्षी अम्मन मंदिर दक्षिण भारत के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है. यह मंदिर देवी मीनाक्षी और भगवान सुंदरेश्वरर को समर्पित है. हर भक्त को कम से कम एक बार यहां जरूर जाना चाहिए.
अंबाजी मंदिर, गुजरात
गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित अंबाजी मंदिर मां अंबा को समर्पित मंदिर है. इस मंदिर की सबसे अनोखी बात यह है कि यहां गर्भगृह में कोई पारंपरिक मूर्ति स्थापित नहीं है. यहां साल भर भक्तों का तांता लगा रहता है.
महालक्ष्मी मंदिर, महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में स्थित महालक्ष्मी मंदिर, जिसे अंबाबाई मंदिर भी कहा जाता है. ये मंदिर मां महालक्ष्मी को समर्पित है. यहां सालभर भक्त दर्शन के पहुंचते रहते हैं.
चामुंडेश्वरी मंदिर, कर्नाटक
मैसूर के पास चामुंडी पहाड़ियों पर स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर मां दुर्गा के उग्र स्वरूप चामुंडेश्वरी को समर्पित है. अगर, आप मैसूर घूमने जा रहे हैं तो इस मंदिर में दर्शन जरूर करें.
मां शारदा देवी मंदिर, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के मैहर में त्रिकूट पहाड़ी पर स्थित मां शारदा देवी मंदिर एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है. यहां मां शारदा की पूजा देवी सरस्वती के रूप में की जाती है. सालभर यहां श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं.
यह भी पढ़ें:- घर में पंचमुखी हनुमान की तस्वीर रखने से क्या होता है? जानें पंचमुखी हनुमान की तस्वीर किस दिशा में रखनी चाहिए
यह भी पढ़ें:- कटनी का चमत्कारी मां जालपा मंदिर, जहां 64 योगिनियों के साथ विराजती हैं माता, जानें महत्व और इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं