विज्ञापन

स्किन पर लीच चिपक जाए तो क्या करें? जानिए खून चूसने वाली जोंक को हटाने के लिए क्या करना चाहिए

जोंक का शरीर से चिपक जाना देखने में डरावना लग सकता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में ये नुकसानदायक नहीं होती. अक्सर असली परेशानी जोंक नहीं, बल्कि उसे देखकर होने वाली घबराहट होती है. ऐसे में आप शांत रहकर जोंक को सही और सुरक्षित तरीके से हटा सकते हैं.

स्किन पर लीच चिपक जाए तो क्या करें? जानिए खून चूसने वाली जोंक को हटाने के लिए क्या करना चाहिए
खून चूसने वाली जोंक को कैसे हटाएं?
Photo Credit: NDTV

Leech Chipak Jaaye Toh Kya Karen: जोंक जिसे लीच भी कहा जाता है आमतौर पर जंगलों, दलदली इलाकों और नमी वाली जगहों पर पाई जाती है. ये एक खून चूसने वाला जीव है, जो इंसानों या जानवरों के शरीर से चिपक जाता है. खासतौर से बरसात के मौसम में जब जमीन गीली और कीचड़युक्त हो जाती है, पेड़-पौधे लहलहाने लगते हैं और मिट्टी में छिपे जीव बाहर निकल आते हैं, तब जोंक भी ज्यादा दिखाई देने लगती हैं. हालांकि जोंक का काटना आमतौर पर दर्दनाक नहीं होता, लेकिन इसे देखकर कई लोग घबरा जाते हैं. जोंक का शरीर से चिपक जाना देखने में डरावना लग सकता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में ये नुकसानदायक नहीं होती. अक्सर असली परेशानी जोंक नहीं, बल्कि उसे देखकर होने वाली घबराहट होती है. ऐसे में घबराने की बजाय शांत रहना चाहिए और सावधानी से जोंक को हटाने की कोशिश करनी चाहिए. आज हम आपको त्वचा से जोंक हटाने का सही तरीका बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं...

स्किन से लीच हटाने का सही तरीका?

हेल्थलाइन की रिपोर्ट के अनुसार अगर आपकी त्वचा पर जोंक चिपक जाए, तो सबसे पहले घबराएं नहीं. जोंक का काटना आमतौर पर दर्द रहित होता है और ज्यादातर मामलों में ये गंभीर नुकसान नहीं पहुंचाती. सही तरीके से हटाने पर किसी तरह की समस्या होने की संभावना बहुत कम रहती है.

सबसे पहले जोंक को ढूंढें. अगर शरीर के किसी हिस्से पर जोंक दिखाई दे, तो पूरे शरीर को एक बार चेक कर लें. कई बार एक से ज्यादा जोंक भी चिपकी हो सकती हैं.

इसके बाद आप जोंक का सिर और मुंह पहचानें. बता दें कि जोंक का सिर उसके शरीर के बाकी हिस्से की तूलना में पतला होता है. जहां वो त्वचा से चिपकी होती है, वहीं उसका मुंह होता है.

त्वचा को हल्का खींचें जोंक के आसपास की त्वचा को एक हाथ से धीरे-धीरे तान लें, ताकि उसे हटाने में आसानी हो.

नाखून से मुंह अलग करें अपने नाखून को जोंक के मुंह के नीचे सावधानी से लगाकर त्वचा से अलग करें. ये काम धीरे-धीरे करें, ताकि जोंक पूरी तरह निकल जाए.

जोंक को तुरंत दूर फेंक दें जैसे ही जोंक त्वचा से अलग हो, उसे दूर हटा दें ताकि वो दोबारा शरीर से न चिपके.

जोंक हटाने के बाद घाव को साफ करें. आप पहले उस जगह को साफ पानी, एंटीसेप्टिक या फर्स्ट-एड क्लेंजर से अच्छी तरह साफ करें, ताकि इंफेक्शन का खतरा कम हो जाए.

जोंक हटाने के बाद कुछ समय तक खून बहना सामान्य बात है, क्योंकि जोंक खून को जमने नहीं देती. घाव को साफ करके उस पर साफ और स्टरलाइज्ड पट्टी बांध दें. जरूरत पड़ने पर पट्टी बदलते रहें, जब तक खून बहना बंद न हो जाए.

जरूरी बात

नाखून की जगह कागज या कार्ड का कर सकते हैं इस्तेमाल

अगर आप जोंक को हाथ या नाखून से नहीं हटाना चाहते, तो एक पतला कागज, प्लास्टिक कार्ड या क्रेडिट काार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए वही प्रक्रिया अपनाएं जो नाखून से हटाने में की जाती है. बस जोंक के मुंह के नीचे धीरे-धीरे कागज या कार्ड सरकाएं और उसे त्वचा से अलग कर दें.

जोंक को खुद अलग होने दें

रिपोर्ट में बताया गया है कि जोंक आमतौर पर 30 से 45 मिनट तक खून चूसने के बाद अपने आप शरीर से अलग हो जाती है. अगर आपको उसे हटाने में परेशानी हो रही है, तो कुछ समय इंतजार कर सकते हैं. हालांकि, अगर जोंक लंबे समय तक चिपकी रहे या शरीर के किसी ऐसी जगह पर हो जहां पहुंचना मुश्किल हो, तो डॉक्टर की मदद लेना बेहतर रहता है.

इन चीजों का न करें इस्तेमाल

हेल्थलाइन की रिपोर्ट के अनुसार जोंक को हटाने के लिए कुछ तरीके बिल्कुल नहीं अपनाने चाहिए, क्योंकि इससे इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में आप जोंक को हटाने के लिए नमक, आग या जलती हुई माचिस, शैम्पू या कीड़े भगाने वाली दवा का इस्तेमाल न करें. इससे आपको कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें: सांप को भगाने वाला कौन-सा पौधा होता है? कौन-सा पौधा लगाने पर नहीं आते हैं सांप

यह भी पढ़ें: DIY Balcony Makeover: बालकनी दिख रही है काफी पुरानी? पैसे खर्च किए बिना यूं करें मेकओवर, जान लें कमाल के 4 हैक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com