आजकल के दौर में अधिकतर लोग अपनी बढ़ती उम्र को देखते हुए कई काम टाल देते हैं. वहीं, जब कहीं घूमने की बात आती है, तो ज्यादा उम्र वाले लोग नई-नई चीजें एक्सप्लोर करने से बचते हैं. लेकिन 80 साल की एक महिला ने साबित कर दिया कि सपनों को पूरा करने के लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती. जहां अधिकतर लोग बढ़ती उम्र को देखते हुए मुश्किल सफर से बचते हैं, वहीं इस बुजुर्ग महिला ने 19,024 फीट की ऊंचाई पर स्थित दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल पास उमलिंग ला पास तक पहुंचकर हजारों लोगों को मोटिवेट कर दिया है.
दादी जी का जज्बा
इंस्टाग्राम पर thetravelist.in नाम के हैंडल से शेयर की गई वीडियो में दिखाया गया है कि एक 80 साल की महिला उमलिंग ला पास पहुंची हैं. इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है ' जब आपका जज्बा जवान हो, तो उम्र सिर्फ एक संख्या बनकर रह जाती है. 80 साल की उम्र में, दादी जी दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल पास- उमलिंग ला पास (19,024 फीट) तक पहुंचीं. वह सिर्फ एक मंजिल तक नहीं पहुंचीं. उन्होंने याद दिलाया कि सपनों की कोई रिटायरमेंट नहीं होती'. इस वीडियो को देखकर इंटरनेट यूजर्स दादी जी के हौसले की खूब तारीफ कर रहे हैं.
कहां है उमलिंग ला पास?
उमलिंग ला पास लद्दाख में भारत-चीन बॉर्डर के पास स्थित है. करीब 19,024 फीट की ऊंचाई पर मौजूद यह दुनिया का सबसे ऊंचा मोटरेबल पास माना जाता है. इतनी ज्यादा ऊंचाई और खराब मौसम के बावजूद यहां पहुंचना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है. ऐसे में 80 साल की महिला का यहां पहुंचना आजकल की जेनरेशन को काफी मोटिवेट कर रहा है.
कैसे जा सकते हैं उमलिंग ला पास?
उमलिंग पास आप हवाई सफर कर पहुंच सकते हैं. यहां से सबसे नजदीकी एयरपोर्ट लेह एयरपोर्ट है. इस एयरपोर्ट से कई शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट आसानी से मिल सकती हैं. इसके अलावा सड़क मार्ग से पहुंचने के लिए आपको पहले लेह पहुंचना होगा. इसके बाद वहां से टैक्सी किराए पर ली जा सकती है या आप अपने वाहन से भी पहुंच सकते हैं. सड़क मार्ग से सफर के दौरान आपको खूबसूरत और मनमोहक नजारे दिखेंगे.
किस समय जाना होता है सबसे बेस्ट?
उमलिंग ला पास जाने के लिए सबसे अच्छा समय मई से सितंबर के बीच माना जाता है. इस समय मौसम और दिनों के अपेक्षा सुहावना रहता है, बर्फबारी कम होती है, जिससे ट्रैवल करना काफी आसान हो जाता है. वहीं, अक्टूबर से अप्रैल की बात करें तो, इस समय यहां कड़ाके की ठंड पड़ती है और भारी बर्फबारी होती है. इसके कारण यहां सड़कें बंद हो जाती हैं और सफर करना मुश्किल हो जाता है.
यह भी पढ़ें: सफेद बालों से हैं परेशान? आम की गुठली से तैयार करें ये आसान हेयर मास्क
यह भी पढ़ें: क्या आप भी रोज करते हैं हेयर स्टाइलिंग? ज्यादा न करें इन टूल्स का इस्तेमाल, खराब हो सकती है बालों की हेल्थ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं