विज्ञापन

इन गलतियों की वजह से बार-बार मुरझा जाता है आपका पौधा, Gardening Expert ने बताया पौधों के साथ क्या नहीं करना चाहिए

अगर आपके पौधे भी बार-बार मुरझा जाते हैं, तो इसके पीछे कुछ आम गलतियां जिम्मेदार हो सकती हैं. गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने कुछ ऐसी ही गलतियों के बारे में बताया है. आइए जानते हैं इनके बारे में-

इन गलतियों की वजह से बार-बार मुरझा जाता है आपका पौधा, Gardening Expert ने बताया पौधों के साथ क्या नहीं करना चाहिए
पौधों के साथ न करें ये गलती
(Photo Credit: NDTV)

घर में पौधे लगाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है. छोटे-छोटे पौधे न केवल आपके घर की खूबसूरती को बढ़ाते हैं, बल्कि ये आपके मूड को भी बेहतर बनाए रखते हैं. हालांकि, कई लोगों की शिकायत होती है कि वे जब भी नर्सरी से पौधा खरीदकर घर लाते हैं, पौधा कुछ ही दिनों में मुरझा जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है.  गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने कुछ आम गलतियों के बारे में बताया है, जिनके चलते पौधे जल्दी मुरझा जाते हैं या उनमें फंगस लग जाती है. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

नंबर 1-  बार-बार पानी देने की गलती

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, पौधों के लिए पानी जरूरी होता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी सही नहीं है. ज्यादा पानी देने से पौधे की जड़ें गलने लगती हैं, जिससे पौधा जल्दी मर जाता है. ऐसे में पौधे को बहुत ज्यादा पानी देने से बचें. पानी केवल तब ही डालें, जब मिट्टी ऊपर से सूखी लगे. 

नंबर 2- गमले में पानी जमा न होने दें

खासकर बारिश के मौसम में इस बात पर ध्यान दें कि गमले में पानी जमा न हो. पानी जमा होने से भी पौधे की जड़ें गलने लगती हैं. ऐसे में जब भी पानी जमा दिखाई दे, उसे निकाल दें. साथ ही गमले के नीचे बने ड्रेनेज होल को भी चेक करें. अगर छेद बंद है तो उसे साफ कर दें, ताकि एक्स्ट्रा पानी आसानी से बाहर निकल सके.

नंबर 3- धूप का रखें ध्यान

तरुण चोपड़ा पौधे को धूप भी जरूर दिखाने की सलाह देते हैं. खासकर बरसात के समय जब भी धूप निकले, तो पौधों को ऐसी जगह रखें जहां उन्हें पर्याप्त रोशनी मिल सके.

नंबर 4- पीली पत्तियों को हटाते रहें

अगर आपको अपने पौधे पर कोई पीली पत्ती नजर आ रही है, तो उसे तुरंत हटा दें. एक पीली पत्ती भी बाकी पत्तियों को पीला कर सकती है.

नंबर 5- जरूरत से ज्यादा खाद न डालें

बारिश के मौसम में पौधों को जरूरत से ज्यादा खाद देना भी सही नहीं है. खाद पौधों के लिए जरूरी है, लेकिन इसकी मात्रा ज्यादा होने पर पौधे को नुकसान हो सकता है. इसलिए खाद हमेशा पौधे की जरूरत के हिसाब से ही दें.

नंबर 6- पौधों को बहुत पास न रखें 

गमलों को एक-दूसरे से बहुत चिपकाकर न रखें. पौधों के बीच थोड़ी जगह होने से हवा आसानी से आती-जाती रहती है और नमी ज्यादा देर तक जमा नहीं होती.

नंबर 7- बीमार पौधे को अलग रखें

अगर किसी पौधे में फंगस या बीमारी दिखाई दे रही है, तो उसे बाकी पौधों के बीच न रखें. ऐसे पौधे को कुछ समय के लिए अलग कर दें और उसका इलाज करें. इससे संक्रमण दूसरे पौधों में फैलने से बच सकता है.

नंबर 8- पत्तियों पर जमा पानी हटाएं

बारिश के बाद पत्तियों पर पानी जमा रह जाए, तो भी फंगस का खतरा बढ़ सकता है. छोटे गमले को हल्के से हिलाकर पानी हटाया जा सकता है. बड़े पौधों की पत्तियों को भी धीरे से हिलाएं, ताकि उन पर ज्यादा पानी जमा न रहे.

इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप अपने पौधे को मुरझाने या फंगस लगने से बचा सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- दाल में घुन लगने से कैसे रोकें? ये एक सस्ती चीज डालने से महीनों तक नहीं होगी खराब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com