यूपी के लाखों उम्मीदवारों के लिए प्राइमरी एलिजिबिलिटी टेस्ट (PET) का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) नेUP PET 2026 की तारीखों का ऐलान किया है. इस बार 23 से लेकर 25 अक्टूबर तक तीन दिनों में ये परीक्षा आयोजित की जाएगी. क्योंकि अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा है, ऐसे में परीक्षा रोजाना दो शिफ्ट में आयोजित होगी. आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए परीक्षा से कुछ दिन पहले एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए जाएंगे. ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि यूपी पीईटी परीक्षा किन सरकारी नौकरियों के लिए जरूरी है और इसका एग्जाम पैटर्न क्या होता है.
किन सरकारी नौकरियों के लिए जरूरी है UP PET?
उत्तर प्रदेश में लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी (VDO), जूनियर असिस्टेंट और एक्स-रे टेक्नीशियन जैसी ग्रुप-सी (Group-C) की तमाम भर्तियों में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को पहले पीईटी क्वालिफाई होना जरूरी है. बिना PET पास किए UPSSSC की इन भर्तियों के लिए आवेदन नहीं किए जा सकते हैं. यानी ये एक तरह का फिल्टर है, जिससे आधे से ज्यादा उम्मीदवार पहले ही रेस से बाहर हो जाते हैं और फिर भर्ती परीक्षा में एक साथ लाखों उम्मीदवार हिस्सा नहीं ले पाते हैं.
क्या है परीक्षा का पैटर्न?
UP PET के पैटर्न की बात करें तो परीक्षा का आयोजन ऑफलाइन यानी पेन-पेपर मोड में होता है. इसके लिए 100 सवाल पूछे जाते हैं, जिनमें हर सवाल के लिए एक नंबर दिया जाता है. यानी 100 नंबर का पूरा पेपर होता है. इस परीक्षा के लिए दो घंटे का समय दिया जाता है और गलत जवाब देने पर नेगेटिव मार्किंग (0.25 अंक) भी होती है. परीक्षा में रीजनिंग, करेंट अफेयर्स, जनरल अवेयरनेस, भारत का इतिहास, प्रारंभिक गणित, सामान्य विज्ञान, भूगोल, हिंदी और भारतीय अर्थव्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं.
क्या है परीक्षा की टाइमिंग?
- परीक्षा तीन दिन तक लगातार दो शिफ्ट में आयोजित होगी
- पहली पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक परीक्षा होगी
- दूसरी पाली में दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक परीक्षा होगी
10वीं पास भी करते हैं आवेदन
यूपी पीईटी के लिए 10वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. साथ ही आयुसीमा 18 से 40 साल तक रखी गई है. इसमें आरक्षित वर्ग को नियम के मुताबिक छूट दी जाती है. हालांकि एक बार पास होने के बाद यूपी पीईटी का स्कोरकार्ड एक साल के लिए ही मान्य होता है. यानी पूरे साल में निकलने वाली UPSSSC भर्तियों के लिए पहले अभ्यर्थियों को पीईटी देना होता है.
ये भी पढ़ें - बिहार में अब दरोगा भर्ती अभ्यर्थियों ने खोला मोर्चा, PET की तारीखों का इंतजार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं