विज्ञापन

IIT रुड़की में PhD के लिए आवेदन शुरू, 20 अक्टूबर तक करें अप्लाई; हर सवाल का जवाब

IIT रुड़की ने पीएचडी में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए 20 अक्टूबर तक आवेदन की विंडो खुली रहेगी. तमाम विषयों में पीएचडी करने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए ये एक बड़ा मौका है. वहीं महिला उम्मीदवारों के लिए खास योजना लाई गई है.

IIT रुड़की में PhD के लिए आवेदन शुरू, 20 अक्टूबर तक करें अप्लाई; हर सवाल का जवाब
IIT रुड़की में पीएचडी एडमिशन के लिए आवेदन

IIT Roorkee PhD Admission 2026-27: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने स्प्रिंग सेमेस्टर 2026-27 के लिए PhD दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है. रिसर्च के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक अभ्यर्थी 20 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. संस्थान ने विभिन्न विभागों, केंद्रों और स्कूलों में PhD कार्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. IIT रुड़की के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर, 2026 से शुरू हो चुकी है. आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर है. अभ्यर्थियों के चयन के लिए लिखित परीक्षा और इंटरव्यू की संभावित तारीखें 16 से 21 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई हैं. चयनित उम्मीदवारों का एकेडमिक रजिस्ट्रेशन 7 और 8 जनवरी, 2027 को होगा, जबकि क्लास 11 जनवरी, 2027 से शुरू होंगी.

PhD के लिए क्या है शैक्षणिक योग्यता?

PhD में दाखिले के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में मास्टर डिग्री, चार वर्षीय बैचलर डिग्री, BTech, MSc, IIT की डिग्री या MBBS, BAMS, BHMS, BDS, MS और MD जैसी निर्धारित योग्यताएं होनी चाहिए. जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए मास्टर डिग्री में कम से कम 60% अंक या 6.0 CGPA अनिवार्य है. वहीं, SC, ST और PwD श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55% अंक या 5.5 CGPA निर्धारित है. इसके अलावा, संबंधित विभाग की ओर से तय विशेष एकेडमिक एलिजिबिलिटी को पूरा करना भी जरूरी होगा.

GATE और NET की अनिवार्यता, किन्हें मिलेगी छूट?

अधिकांश उम्मीदवारों के लिए GATE, NET, JEST, CEED जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण करना या निर्धारित फेलोशिप योग्यता होना आवश्यक है. हालांकि, IIT और शिक्षा मंत्रालय (MoE) से वित्तपोषित संस्थानों के उच्च CGPA वाले विद्यार्थियों को निर्धारित शर्तों के तहत इस अनिवार्यता से छूट दी गई है. MBBS, MS और MD डिग्री धारकों के लिए भी परीक्षा संबंधी छूट का प्रावधान है.

पांच साल तक मिल सकती है आर्थिक सहायता

संस्थान में फुल-टाइम रिसर्च स्कॉलर के लिए इंस्टीट्यूट असिस्टेंटशिप का प्रावधान है. इसके तहत चयनित शोधार्थियों को अधिकतम पांच साल तक वित्तीय सहायता दी जा सकती है. इसके बदले विद्यार्थियों को विभाग की ओर से सौंपे गए शिक्षण या शोध कार्यों में प्रति सप्ताह अधिकतम 10 घंटे देने होंगे. असिस्टेंटशिप का नवीनीकरण एकेडमिक परफॉर्मेंस और निर्धारित जिम्मेदारियों के संतोषजनक निर्वहन पर निर्भर करेगा.

UGC, CSIR, DST, ICMR और DBT जैसी संस्थाओं से फेलोशिप प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को संस्थान की ओर से अलग से वित्तीय सहायता नहीं दी जाएगी.

गोल्डन गर्ल स्कीम के तहत महिला अभ्यर्थियों को मौका

IIT रुड़की ने महिला उम्मीदवारों के लिए ‘गोल्डन गर्ल स्कीम' के तहत सीधे PhD दाखिले का प्रावधान किया है. इसके लिए पात्र महिला अभ्यर्थी का क्वालिफाइंग डिग्री में प्रथम रैंक होल्डर या गोल्ड मेडलिस्ट होना जरूरी है. यह योग्यता IIT या NIRF की नवीनतम रैंकिंग में ओवरऑल कैटेगरी के टॉप 50 में शामिल संस्थान से प्राप्त डिग्री के आधार पर होनी चाहिए.

इस योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता से छूट मिलेगी, जबकि अन्य एकेडमिक एलिजिबिलिटी लागू रहेंगी. चयनित उम्मीदवारों को संस्थान की असिस्टेंटशिप के बराबर फेलोशिप दी जाएगी. दाखिला सुपरन्यूमरेरी सीटों पर होगा और चयन विभागीय इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा.

इंजीनियरिंग से लेकर ह्यूमैनिटीज तक शोध का अवसर

IIT रुड़की के 'रुड़की और सहारनपुर' परिसरों में PhD के लिए विभिन्न विषयों में अवसर उपलब्ध हैं. इनमें इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, बायोसाइंस, केमिस्ट्री, फिजिक्स, गणित, डिजाइन, मैनेजमेंट, अर्थ साइंस, हाइड्रोलॉजी, आर्किटेक्चर, ह्यूमैनिटीज और सामाजिक विज्ञान जैसे क्षेत्र शामिल हैं. 

इसके अलावा, नैनोटेक्नोलॉजी, क्वांटम कम्युनिकेशन, स्पेस साइंस, आपदा प्रबंधन, जल संसाधन और भारतीय ज्ञान प्रणाली जैसे विशेष शोध क्षेत्रों में भी दाखिले का अवसर मिलेगा. प्रत्येक विभाग और केंद्र के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है.

डेढ़ सदी से भी अधिक गौरवशाली विरासत

IIT रुड़की देश के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक तकनीकी शिक्षण संस्थानों में से एक है, जिसकी विरासत 178 सालों से भी अधिक पुरानी है. साल 2001 में, 21 सितंबर को इसे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का दर्जा प्रदान किया गया, जिसके साथ यह देश का 7वां IIT बना.  राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में पहचान पाने के बाद, IIT रुड़की ने इंजीनियरिंग और टेक्नॉलॉजी के क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए आर्किटेक्चर, मैनेजमेंट, डिजाइन, मानविकी और सामाजिक विज्ञान जैसे विविध विषयों में भी अपनी शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों का विस्तार किया है.

ये भी पढ़ें - NEET PG में करीब 6 हजार सीटों की बढ़ोतरी, काउंसलिंग से पहले देखें पूरा सीट मैट्रिक्स

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IIT Roorkee News, IIT Roorkee PhD Admissions 2026, IIT Roorkee PhD Admissions 2026 Details
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com