विज्ञापन

UPPSC PCS 2025 में मेधावी अभ्यर्थियों को नहीं मिला हक? हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया रिजल्ट, जानिए क्या है पूरा मामला

UPPSC PCS-2025 भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव हुआ है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्री एग्जाम का रिजल्ट रद्द करते हुए कहा कि हजारों मेधावी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित सूची में शामिल नहीं किया गया. कोर्ट के आदेश के बाद अब नई मेरिट लिस्ट बनेगी और फिर से मेंस एग्जाम आयोजित करनी होगी.

गौरतलब है कि 28 सितंबर 2026 को कोर्ट ने अंतरिम आदेश में आयोग को इंटरव्यू जारी रखने की अनुमति दी थी, लेकिन अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी.

UPPSC PCS Result Cancelled : इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2025 को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. जस्टिस मनीष कुमार निगम की सिंगल बेंच ने एक दिसंबर 2025 को घोषित किए गए पीसीएस प्रारंभिक (प्री) परीक्षा-2025 के परिणाम को रद्द कर दिया है. इस आदेश के साथ ही इस भर्ती प्रक्रिया के तहत अब तक आयोजित की जा चुकी मुख्य परीक्षा (Mains) और इंटरव्यू की पूरी प्रक्रिया भी स्वतः निरस्त हो गई है. कोर्ट ने आयोग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वह मेरिट के आधार पर प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट लिस्ट नए सिरे से तैयार कर परिणाम घोषित करे और उसके बाद ही संशोधित परिणाम के आधार पर दोबारा मुख्य परीक्षा आयोजित कर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाए.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह पूरा विवाद यूपी पीसीएस-2025 की भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण के नियमों की गलत व्याख्या और 'मेधावी आरक्षित वर्ग' (Meritorious Reserve Category - MRC) के अभ्यर्थियों को अनारक्षित (UR) श्रेणी में स्थान न दिए जाने से जुड़ा है. आयोग ने 20 फरवरी 2025 को विज्ञापन संख्या A-1/E-1/2025 के माध्यम से विभिन्न विभागों के लगभग 200 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे.

प्री परीक्षा परिणाम को क्यों दी गई चुनौती?

तीन चरणों वाली इस भर्ती प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार शामिल थे. प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 को आयोजित हुई थी. इसके बाद 01 दिसंबर 2025 को घोषित परिणाम में कुल 11,727 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था.

याचिकार्ताओं के वकील दुर्गा शंकर शुक्ला ने बताया कि इस परिणाम को संजय कुमार और तीन अन्य अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. इनमें तीन अभ्यर्थी ओबीसी और एक ईडब्ल्यूएस श्रेणी से थे. याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि आयोग ने श्रेणीवार परिणाम तैयार करते समय अनारक्षित श्रेणी को केवल उन्हीं उम्मीदवारों तक सीमित मान लिया जिन्होंने आरक्षण का दावा नहीं किया था.

4,533 मेधावी अभ्यर्थियों का क्या था मामला?

हाईकोर्ट में दाखिल पूरक हलफनामे में आयोग ने स्वीकार किया कि प्री परीक्षा में ओबीसी के 2,993, ईडब्ल्यूएस के 921, एससी के 464 और एसटी के 155 अभ्यर्थी ऐसे थे जिन्होंने सामान्य वर्ग के कटऑफ से अधिक नंबर पाए  थे. इसके बावजूद उन्हें अनारक्षित सूची में शामिल नहीं किया गया.

कुल मिलाकर 4,533 मेधावी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उनकी अपनी कैटेगरी में ही रखा गया. याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि अगर इन अभ्यर्थियों को सामान्य सूची में शामिल किया जाता तो आरक्षित वर्ग के हजारों अन्य उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में बैठने का अवसर मिल सकता था.

मुख्य परीक्षा में भी अपनाई गई यही प्रक्रिया

सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि आयोग ने मुख्य परीक्षा के स्तर पर भी यही व्यवस्था लागू की. इसके कारण ओबीसी के 579, ईडब्ल्यूएस के 168, एससी के 158 और एसटी के 5 अभ्यर्थियों को सामान्य मेरिट से अधिक अंक मिलने के बावजूद उनकी आरक्षित श्रेणी में ही रखा गया.

आयोग और राज्य सरकार ने क्या दलील दी?

आयोग के वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप त्रिवेदी और राज्य सरकार की ओर से अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल ने कोर्ट में कहा कि प्रारंभिक परीक्षा केवल स्क्रीनिंग टेस्ट है और इसके अंक अंतिम चयन में नहीं जुड़ते.

उन्होंने तर्क दिया कि आरक्षण अधिनियम, 1994 की धारा 3(6) तथा 09 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार मेधावी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों का माइग्रेशन केवल फाइनल सिलेक्शन लिस्ट तैयार करते समय ही किया जा सकता है.

हाईकोर्ट ने क्यों खारिज कर दीं दलीलें?

हालांकि कोर्ट ने आयोग और राज्य सरकार की सभी दलीलों को खारिज कर दिया. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अनारक्षित श्रेणी कोई आरक्षित कोटा नहीं है, बल्कि यह सभी वर्गों के लिए खुली कैटेगरी है, जहां सिलेक्शन का एकमात्र आधार मेरिट होता है.

कोर्ट ने कहा कि भले ही प्रारंभिक परीक्षा स्क्रीनिंग टेस्ट हो, लेकिन यह अगले चरण में प्रवेश का माध्यम है. ऐसे में मेरिट पर अधिक अंक हासिल करने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य सूची से बाहर रखना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन है.

कोर्ट ने क्या टिप्पणी की?

कोर्ट ने टिप्पणी की कि आयोग की इस कार्यप्रणाली से प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा दोनों स्तरों पर अनारक्षित वर्ग के लिए 50 प्रतिशत सीटों का एक प्रकार का अघोषित आरक्षण तैयार हो गया था, जो संवैधानिक व्यवस्था के विपरीत है.

अब आगे क्या होगा?

गौरतलब है कि 28 सितंबर 2026 को कोर्ट ने अंतरिम आदेश में आयोग को इंटरव्यू जारी रखने की अनुमति दी थी, लेकिन अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी.

अब अंतिम फैसले में कोर्ट ने न केवल 1 दिसंबर 2025 के प्री परीक्षा परिणाम और विज्ञापन की शर्त संख्या 19 को रद्द कर दिया है, बल्कि 09 जनवरी 2020 के उस कार्यालय ज्ञापन का भी उल्लेख किया है जिसे पहले एपीओ भर्ती से जुड़े पंकज वर्मा मामले में अवैध घोषित किया जा चुका है.

अब आयोग को सबसे पहले पूरी तरह मेरिट आधारित अनारक्षित सूची तैयार करनी होगी. इसके बाद आरक्षित वर्गों की नई सूची बनाकर संशोधित परिणाम जारी किया जाएगा और फिर नए सिरे से मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी.

यह भी पढ़ें- ‘12 मेंस देने के बाद भी खाली हाथ, घर में भी इज्जत ना बची', UPPCS प्रारंभिक परीक्षा रद्द से टूटा अभ्यर्थी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com