उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) भर्ती के लिए आवेदन की तारीख में बदलाव किया है. अब अभ्यर्थी 28 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. इससे पहले 23 नवंबर आवेदन की आखिरी तारीख रखी गई थी, लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी, जिसके बाद आवेदन की तारीख को आगे बढ़ाए जाने का आदेश जारी हुआ था. अब आयोग ने इसके लिए नया नोटिस जारी किया है, जिसमें नई तारीखों का जिक्र किया गया है. जिन उम्मीदवारों ने अब तक अपना आवेदन पूरा नहीं किया है, वो तुरंत कर लें.
आयोग ने दी ये जानकारी
आयोग की तरफ से जो नोटिस जारी किया गया है, उसमें बताया गया है कि ये फैसला हाईकोर्ट में दायर याचिका संख्या 18985/2026 आशुतोष मिश्र व 156 अन्य बनाम उ.प्र. राज्य व अन्य में 20 नवंबर 2026 को आए अंतरिम आदेश के पालन में लिया गया है. इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती का पूरा विज्ञापन ध्यान से पढ़ने और अपनी योग्यता जांचने के बाद इस नई तारीख तक आवेदन कर लें.

TGT भर्ती की नई तारीखें
- नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख: 23-10-2026
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन (OTR) और आवेदन शुरू होने की तारीख: 24-10-2026
- ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख: 28-11-2026
- ऑनलाइन फॉर्म में सुधार करने की आखिरी तारीख: 30-11-2026
- परीक्षा की तारीख: 23 और 24 दिसंबर 2026
आयोग की तरफ से ये भी साफ किया गया है कि सिर्फ आवेदन की तारीख में बदलाव किया गया है, भर्ती से जुड़े बाकी नियम और शर्तें पहले जैसी ही रहेंगीं. इसके लिए आयोग की तरफ से पहले ही नोटिफिकेशन जारी किया गया था, जिसमें तमाम तरह की जानकारी दी गई थी. ध्यान रहे कि 28 नवंबर आवेदन की आखिरी तारीख होगी, इसके बाद किसी को भी आवेदन करने का मौका नहीं दिया जाएगा. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने TGT के कुल 17,735 पदों पर ये भर्ती निकाली है. इस भर्ती के लिए यूपी के लाखों अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं और अब भी लगातार आवेदन हो रहे हैं.
यह भी पढ़ें | यूपी स्पेशल TET में भी फेल हो गए करीब 55 हजार सरकारी शिक्षक, नौकरी बचाने के लिए अब क्या विकल्प?
यह भी पढ़ें | Google CEO सुंदर पिचाई से लेकर अरविंद केजरीवाल तक, IIT खड़गपुर से इन दिग्गजों ने की है पढ़ाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं