Ram Mandir CEO Hiring 2026 : अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति को लेकर इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस महत्वपूर्ण पद के लिए देशभर से आए आवेदनों में से 18 को शार्टलिस्ट किया गया है. जिनके इंटरव्यू 3 सदस्यीय पैनल कर रही है. कुछ के इंटरव्यू बीते कल यानी 11 को लिए गए, बाकी के आज यानी 12 अगस्त को चल रहें. 13 और 14 अगस्त का दिन रिजर्व रखा गया है.
ऐसे में आइए जानते हैं ट्रस्ट ने CEO पद के सिलेक्शन के लिए बनी तीन सदस्यीय समिति में कौन-कौन शामिल है.
सिलेक्शन कमिटी में कौन-कौन है शामिल
इस समिति में रिटायर्ड जज प्रमोद कोहली, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और शिरडी साईं बाबा ट्रस्ट के एक्स चेयरमैन सुरेश हावरे शामिल हैं. बता दें कि इस समिति का गठन 6 जुलाई को किया गया था.
18 उम्मीदवारों को किया गया शॉर्ट लिस्ट
विदित हो कि राम मंदिर के CEO पद के लिए देश भर से बड़ी संख्या में आवेदन आए थे. जिनकी शुरुआती चरण में आवेदनों और बायोडाटा की जांच की गई, इसके बाद उम्मीदवारों की फोन पर स्क्रीनिंग हुई. इस पूरी प्रोसेस के बाद 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया.
सीईओ के पास क्या होगी जिम्मेदारी
राम मंदिर ट्रस्ट में CEO की जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक नहीं होगी. इस पद पर नियुक्त व्यक्ति को मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का प्रबंधन, कर्मचारियों और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, मंदिर व्यवस्था को पेशेवर ढंग से संचालित करना और संस्थान में पारदर्शिता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण कार्य संभालने होंगे. इसके अलावा ट्रस्ट की संपत्तियों की सुरक्षा और समग्र प्रबंधन की जिम्मेदारी भी CEO के पास होगी.
यह भी पढ़ें- UPSC CDS 2 Exam 2026 Date Out: 13 सितंबर को होगी परीक्षा, जानें रिपोर्टिंग टाइम और एग्जाम शड्यूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं