नौकरी के मामले में Google भारतीय लोगों की पहली पसंद बन चुका है. रैंडस्टैड एम्प्लॉयर ब्रांड रिसर्च (REBR) 2026 की रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत की सबसे आकर्षक और पसंदीदा Employer कंपनी गूगल है. इस लिस्ट में टाटा ग्रुप और अमेजन जैसी कंपनियों के नाम भी शामिल हैं. यानी ये वो कंपनियां हैं, जिनमें भारतीय कर्मचारी नौकरी करना चाहते हैं. इस रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत के लोग अब सिर्फ अच्छा सैलरी पैकेज नहीं बल्कि, करियर ग्रोथ, वर्क लाइफ बैलेंस और फ्लेक्सिबिलिटी के साथ नौकरी करना चाहते हैं.
कंपनी का माहौल देख रहे लोग
रिपोर्ट में बताया गया है कि भारतीयों को सबसे ज्यादा जिस चीज से फर्क पड़ रहा है, वो है कंपनी का माहौल... कर्मचारी किसी एक चीज के लिए नहीं बल्कि वर्क लाइफ बैलेंस के लिए नौकरी को महत्व दे रहे हैं. यही वजह है कि गूगल और अमेजन जैसी कंपनियों के लिए उनकी दिलचस्पी बढ़ी है.
नौकरी छोड़ने की सबसे बड़ी वजह
रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि सबसे ज्यादा 49% लोग वर्क-लाइफ बैलेंस नहीं होने के चलते नौकरी छोड़ना चाहते हैं. इसके बाद 42% लोग करियर में ग्रोथ न मिलने की वजह से कंपनी बदलते हैं. वहीं 41% लोगों के लिए कम सैलरी नौकरी छोड़ने का कारण बनती है. करियर में ग्रोथ नहीं मिलने के चलते नौकरी छोड़ने की बात स्वीकार करने वालों में 43% मिलेनियल्स, 42% Gen Z और 39% जेन-एक्स कर्मचारी शामिल थे.
ये टॉप-10 कंपनियां बनीं पहली पसंद
गूगल (Google)
टाटा ग्रुप (Tata Group)
अमेजन (Amazon)
सैमसंग इंडिया (Samsung India)
इंफोसिस (Infosys)
रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries)
आईटीसी ग्रुप (ITC Group)
हिंदुस्तान यूनिलीवर (Hindustan Unilever)
महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra)
डेल टेक्नोलॉजीज (Dell Technologies)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं