DU SRCC Assistant Professor Vacancy 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का शानदार अवसर सामने आया है. कॉलेज ने कॉमर्स, इकोनॉमिक्स और मैथमेटिक्स विभागों में कुल 16 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 22 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस दौरान कुछ खास कैटेगरी के उम्मीदवारों को यूजीसी नेट की अनिवार्यता से छूट दी गई है. भर्ती प्रक्रिया में एजुकेशनल क्वालिफिकेशन, रिसर्च उपलब्धियों और दूसरे मानदंडों के आधार पर उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की जाएगी.
उम्मीदवार कॉलेज की ऑफिशियल वेबसाइट srcc.edu और दिल्ली यूनिवर्सिटी की वेबसाइट du.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की आखिरी तारीख 22 अगस्त तय की गई है. ऑनलाइन आवेदन से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए उम्मीदवार कॉलेज के ईमेल facultyrectt@srcc.du.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं.
किस विभाग में कितने पद खाली
कॉमर्स विभाग: 12 पद
इकोनॉमिक्स विभाग: 3 पद
मैथमेटिक्स विभाग: 1 पद
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए जरूरी योग्यता
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित सब्जेक्ट में मान्यता प्राप्त भारतीय या विदेशी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री होनी चाहिए. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए मास्टर डिग्री में न्यूनतम 55 फीसदी मार्क्स अनिवार्य हैं. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार मार्क्स में छूट दी जाएगी. एससी, एसटी, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 फीसदी मार्क्स जरूरी होंगे. इसके अलावा जिन पीएचडी होल्डर्स ने अपनी मास्टर डिग्री 19 सितंबर 1991 से पहले पूरी की थी, उन्हें भी 5 फीसदी मार्क्स की छूट मिलेगी.
UGC NET जरूरी, लेकिन इन उम्मीदवारों को छूट
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए आमतौर पर यूजीसी या सीएसआईआर की नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (NET) क्वालीफाई होना जरूरी है. हालांकि, कुछ उम्मीदवारों को NET की अनिवार्यता से छूट दी गई है. इनमें वे उम्मीदवार शामिल हैं, जिन्होंने यूजीसी नियमों के अनुसार रेग्युलर मोड में पीएचडी पूरी की है. इसके लिए थीसिस का मूल्यांकन दो एक्सटर्नल एग्जामिनर से होना, ओपन वाइवा हुआ हो, दो रिसर्च पेपर पब्लिश होना और दो रिसर्च पेपर सेमिनार या कॉन्फ्रेंस में प्रस्तुत होना जरूरी है.
इसके अलावा जिन सब्जेक्ट्स में NET परीक्षा आयोजित नहीं होती है, वहां यह शर्त लागू नहीं होगी. QS, THE या ARWU रैंकिंग के अनुसार दुनिया के टॉप 500 यूनिवर्सिटीज से पीएचडी करने वाले उम्मीदवारों को भी NET से छूट मिलेगी.
स्क्रीनिंग के बाद होगा इंटरव्यू
प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग 100 मार्क्स के पैमाने पर की जाएगी. इसके आधार पर योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. स्क्रीनिंग में ग्रेजुएशन के लिए अधिकतम 21 मार्क्स, पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए 25 मार्क्स, एमफिल/एमटेक/एलएलएम/एमएड के लिए 7 मार्क्स, पीएचडी के लिए 25 मार्क्स, NET विद JRF के लिए 10 मार्क्स और NET के लिए 8 मार्क्स निर्धारित हैं.
इतनी मिलेगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को एकेडमिक पे लेवल-10 के मुताबिक, 7वें वेतन आयोग के आधार पर 57,700 रुपए तक प्रति महीना सैलरी दी जाएगी. इसके अलावा दूसरे सरकारी अलाउंस भी दिए जाएंगे.
एप्लीकेशन फीस
एप्लीकेशन फीस की बात करें तो अनारक्षित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपए फीस जमा करनी होगी. वहीं एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और महिला उम्मीदवारों से कोई एप्लीकेशन फीस नहीं ली जाएगी.
ये भी पढ़ें - DGCA परीक्षा पोर्टल हुआ क्रैश, टेक्निकल ग्लिच के बाद फ्लाइट क्रू अभ्यर्थियों के लिए बढ़ी तारीख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं