दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि इसके कारण बड़े स्तर पर लोगों की नौकरियां चली जाएंगी. लेकिन Amazon के संस्थापक जेफ बेजोस इससे असहमत हैं. फ्रांस के पेरिस में आयोजित VivaTech 2026 टेक्नोलॉजी सम्मेलन में बेजोस ने कहा कि AI के कारण बड़े पैमाने पर बेरोजगारी नहीं होगी, बल्कि इसकी वजह से लेबर शॉर्टेज देखने को मिल सकतीत है.
AI की वजह से कैसे होगी लेबर शॉर्टेज
जेफ बेजोस के अनुसार, AI कई कठिन कामों को आसान बना देगा. ऐसे में किसी नए प्रोडक्ट, सर्विस या बिजनेस को शुरू करना आसान हो जाएगा. ऐसे में अधिक लोग बिजनेस और नई सोच के साथ काम करना शुरू करेंगे. इसका परिणाम यह होगा कि नए उद्योग और नई नौकरियां पैदा होंगी. उनका कहना है कि इतिहास में हर बड़ी तकनीकी क्रांति के बाद रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं. जिस तरह औद्योगिक क्रांति और इंटरनेट ने नई नौकरियों को जन्म दिया, उसी तरह AI भी रोजगार के नए क्षेत्रों का निर्माण करेगा.
दुनिया भर में AI के कारण बढ़ रही नौकरी की चिंता
हालांकि बेजोस का दृष्टिकोण काफी सकारात्मक है, लेकिन दुनिया के कई विशेषज्ञ AI से रोजगार पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंतित हैं. हाल के महीनों में कई कंपनियों ने AI आधारित ऑटोमेशन के कारण कर्मचारियों की बड़े स्तर पर छंटनी की है. और ये सिलसिला जारी है. फिर भी बेजोस का मानना है कि लंबी अवधि में AI अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा और रोजगार के अवसर बढ़ाएगा.
AI स्टार्टअप Prometheus पर भी बोले बेजोस
VivaTech सम्मेलन के दौरान बेजोस ने अपने नए AI स्टार्टअप Prometheus के बारे में भी बात की. उनकी कंपनी ऐसे AI सिस्टम विकसित करने पर काम कर रही है जो इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रियाओं को तेज बना सकें. बेजोस का लक्ष्य एक तरह का Artificial General Engineer विकसित करना है, जो जटिल उत्पादों की डिजाइनिंग और निर्माण में सहायता कर सकेगा.
उनका मानना है कि इससे उत्पाद विकास की लागत कम होगी और अधिक व्यवसाय शुरू हो सकेंगे. परिणामस्वरूप रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं