एलन मस्क की कंपनियां टेस्ला, स्पेस एक्स में काम करने का लाखों युवा सपना देखते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि मस्क नौकरी के लिए उम्मीदवारों का चयन कैसे करते हैं? हाल ही में टेस्ला के पूर्व प्रेसिडेंट जॉन मैकनील ने मस्क की भर्ती रणनीति का खुलासा किया और बताया कि मस्क किस तरह के लोगों को नौकरी पर रखते हैं और इंटरव्यू में किन चीजों पर गौर करते हैं.
एलन मस्क कैसे लोगों को पसंद करते हैं
मैकनील ने एक इंटरव्यू में कहा कि एलन मस्क केवल डिग्री, विश्वविद्यालय या रिज्यूमे को देखकर निर्णय नहीं लेते है. उनकी नजर ऐसे लोगों पर होती है जो कठिन चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हों और उन समस्याओं को हल करने की क्षमता रखते हों जिन्हें दूसरे असंभव मानते हैं. मस्क ऐसे उम्मीदवारों को पसंद करते हैं जो दबाव में भी नया सोच सकें और लगातार बेहतर परिणाम देने की क्षमता रखते हों.
वर्ल्ड-क्लास टैलेंट ढूंढ़ते हैं
मस्क वर्ल्ड-क्लास टैलेंट के साथ काम करना पसंद करते हैं. वे ऐसे कर्मचारियों की तलाश करते हैं जो औसत कर्मचारी की तुलना में कई गुना अधिक प्रभाव डाल सकें. मस्क के अनुसार, किसी व्यक्ति का वास्तविक मूल्य उसकी समस्या-समाधान क्षमता, रचनात्मक सोच और काम के प्रति समर्पण से तय होती है, न कि केवल उसके शैक्षणिक प्रमाणपत्रों से.
मस्क लोगों के करियर के बारे में पूछते हैं
एलन मस्क की भर्ती प्रक्रिया का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि वे उम्मीदवारों की उपलब्धियों को बेहद महत्व देते हैं. वे यह जानना चाहते हैं कि व्यक्ति ने अपने करियर में कौन सी कठिन समस्याएं हल की हैं और उनसे क्या परिणाम निकले. हाल के वर्षों में मस्क ने कई बार कहा है कि वे रिज्यूमे से ज्यादा वास्तविक उपलब्धियों और तकनीकी चुनौतियों को हल करने की क्षमता पर भरोसा करते हैं.
मस्क की सफलता का आधार
मस्क का मानना है कि किसी भी संगठन की सफलता उसके लोगों पर निर्भर करती है. इसलिए वे ऐसे कर्मचारियों को चुनते हैं जो केवल निर्देशों का पालन न करें, बल्कि स्वयं सोचें, नए विचार लाएं और कंपनी को आगे बढ़ाने में योगदान दें. यही कारण है कि उनकी कंपनियों में काम करने वाले लोगों से उच्च प्रदर्शन और निरंतर सीखने की अपेक्षा की जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं