अग्निपथ योजना में कुछ बदलाव कर अग्निवीरों को दो साल की राहत दी गई है. यानी चार साल पूरे होने पर बाहर हो रहे अग्निवीरों को अब 6 साल तक नौकरी में रहने का मौका दिया जा रहा है. इसके साथ ही दो साल बाद भी नौकरी पक्की करने का पूरा मौका होगा. हजारों अग्निवीरों और उनके परिवार में इस खबर के मिलते ही खुशी का माहौल है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल है कि क्या अग्निवीर 6 साल तक शादी नहीं कर पाएंगे? इसे लेकर काफी कंफ्यूजन है और अगर पुराने ही नियम लागू होते हैं तो नौकरी कर रहे अग्निवीरों को शादी के लिए दो साल और इंतजार करना होगा.
शादी का क्या है नियम?
सेना में अग्निवीर के तौर पर भर्ती होने के बाद 4 साल का वक्त दिया जाता है, इस दौरान 25 प्रतिशत अग्निवीरों को परमानेंट नौकरी के लिए चुनने का प्रावधान है और बाकी बचे 75 प्रतिशत को चार साल पूरे होते ही नौकरी छोड़नी थी, जिसे अब 6 साल कर दिया गया है. अग्निपथ योजना में साफ किया गया था कि चार साल तक अग्निवीर शादी नहीं कर सकते हैं. ऐसे में अब दो साल का एक्सटेंशन तो मिल गया है, लेकिन शादी वाले नियम को लेकर कुछ भी साफ नहीं हुआ है.
क्या मिल सकती है राहत?
बताया जा रहा है कि अग्निवीरों को इस नियम से राहत मिल सकती है. सेना और सरकार के बीच इसे लेकर बातचीत हो रही है और जल्द ही योजना को लेकर एक डीटेल्ड नोटिफिकेशन जारी हो सकता है. इसमें अग्निवीरों की सेवा शर्तों में बदलाव हो सकता है. अगर ऐसा हुआ तो अग्निवीरों और उनके परिवार के लिए ये एक राहत भरी खबर होगी.
बाहर होने का खतरा हुआ कम
अग्निपथ योजना में हुए बदलावों में अब अग्निवीरों को सेना से बाहर होने का खतरा कम हो गया है. सेना की तरफ से बताया गया है कि 75 प्रतिशत अग्निवीर दो साल के सेवा विस्तार का विकल्प चुन सकते हैं. इसके बाद भी सभी को परमानेंट होने का मौका दिया जाएगा. सिर्फ वही अग्निवीर नौकरी से बाहर होंगे, जो किसी तरह से अनफिट या फिर अनुशासनहीन होंगे.
यह भी पढ़ें | 18 हजार अग्निवीरों की होनी थी घर वापसी, अब दो साल का एक्सटेंशन और नौकरी पक्की करने का दूसरा मौका
यह भी पढ़ें | अग्निवीरों के लिए दो साल की राहत, जानें कितने फीसदी को मिलेगी पक्की नौकरी- हर सवाल का जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं