सेना में नौकरी कर रहे लाखों अग्निवीरों को बड़ी राहत दी गई है. इसमें बताया गया है कि जिन अग्निवीरों को पक्की नौकरी के लिए नहीं चुना जाएगा, उन्हें दो साल का विस्तार दिया जा रहा है. यानी 25 फीसदी की नौकरी सेना में पक्की होगी और बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल तक नौकरी करने का मौका और दिया जाएगा. केंद्रीय कैबिनेट की तरफ से इसे मंजूरी दे दी गई है. खुद चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) ने इसका ऐलान किया है. साथ ही इस योजना में हो रहे बदलावों के बारे में भी बताया.
किन अग्निवीरों को मिलेंगे दो साल?
सबसे पहले ये जान लेते हैं कि दो साल का एक्सटेंशन किसे मिल रहा है. जिन अग्निवीरों को सेना में सिपाही बनने के लिए नहीं चुना जाएगा, उन्हें अग्निवीर स्कीम में चार साल बाद वापस भेजने का प्रावधान था, इसे अब 6 साल कर दिया गया है. यानी अगर 100 अग्निवीर भर्ती हुए हैं तो चार साल बाद उनमें से 25 को परमानेंट किया जाएगा और बाकी बचे 75 को दो साल और दिए जाएंगे.
दो साल एक्सटेंशन के बाद क्या?
दो साल के एक्सटेंशन के बाद 75 फीसदी अग्निवीरों को दोबारा मौका देने की बात कही गई है. यानी उनके पास सेना में परमानेंट होने का एक और मौका होगा, उन सभी को सेना से बाहर नहीं किया जाएगा. ये साफ नहीं किया गया है कि उन 75 फीसदी में से कितने अग्निवीरों को मौका दिया जाएगा. सीडीएस ने कहा कि ये अवसर उनके प्रदर्शन और उसके आकलन पर निर्भर करेगा.
सैलरी बढ़ेगी या नहीं?
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने बताया कि सेवा विस्तार पाने वाले अग्निवीरों को बढ़ी हुई सैलरी और भत्ते भी दिए जाएंगे.
इतने हजार अग्निवीरों को होना था बाहर
सेना की तरफ से ये कदम उस वक्त उठाया गया है, जब अग्निवीरों को पहला बैच बाहर होने जा रहा था. करीब 18 हजार अग्नीवीरों को कुछ हफ्ते बाद सेना से बाहर होना था, लेकिन अब उन्हें दो साल का एक्सटेंशन मिल जाएगा. इसके बाद तमाम तरह के क्राइटेरिया के आधार पर उन्हें परमानेंट करने का भी प्रावधान शामिल हो चुका है. ऐसे में माना जा रहा है कि अब ज्यादातर अग्निवीर सेना में ही अपनी नौकरी पक्की कर लेंगे, वहीं बाकी के लिए तमाम बलों में आरक्षित पद होंगे.
यह भी पढ़ें | बिहार शिक्षक भर्ती में रिकॉर्डतोड़ आवेदन, TRE-4 में करीब 10 लाख रजिस्ट्रेशन
यह भी पढ़ें | बच्चों का सैनिक स्कूल में जाने का सपना होगा पूरा, कक्षा 6 और 9 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं