भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दबदबा बढ़ता जा रहा है. AI से जुड़े प्रोफेशनल्स की मांग लगातार बढ़ रही है. एक नई रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने भारत के IT सेक्टर में AI रोल के लिए हायरिंग इंडस्ट्री में कुल रिक्रूटमेंट से ज़्यादा रही है. IT सेक्टर में AI से जुड़ी नौकरियों की भर्ती 16% बढ़ी है. हैरान करने वाली बात ये है कि पूरे IT सेक्टर की कुल भर्तियों में 3% की गिरावट दर्ज की गई है. यानी साफ है कि AI से जुड़े रोल के लिए हायरिंग तेजी से की जा रही है. जॉब पोर्टल Naukri की मासिक JobSpeak रिपोर्ट के मुताबिक, AI स्किल वाले उम्मीदवारों की बढ़ती मांग इस बात की ओर साफ इशारा है कि IT कंपनियां तेजी से नई तकनीकों को अपना रही हैं. अपने कारोबार को AI आधारित बनाने पर फोकस किया जा रहा है. ये रिपोर्ट वेबसाइट पर 1.5 लाख से अधिक कंपनियों की जॉब लिस्टिंग के विश्लेषण पर आधारित है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि पारंपरिक IT नौकरियों की तुलना में अब AI, मशीन लर्निंग, जनरेटिव AI और डेटा साइंस जैसी नई तकनीकों से जुड़े प्रोफेशनल्स की मांग तेजी से बढ़ रही है. कंपनियां ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दे रही हैं, जिनके पास AI टूल्स और आधुनिक तकनीकों का अनुभव है. इन्फो एज (Info Edge) के CEO हितेश ओबेरॉय ने इस पूरे मामले पर कहा, "AI और कुल IT हायरिंग के बीच के इस अंतर से पता चलता है कि टेक कंपनियां अभी भी कहां निवेश कर रही हैं. AI तेजी से एक मुख्य क्षमता वाला क्षेत्र बनता जा रहा है, खासकर तब जब मांग ज्यादा सीनियर और स्पेशलाइज़्ड टैलेंट की ओर बढ़ रही है."
नौकरियों पर संकट
देश की नंबर 1 सॉफ्टवेयर निर्यातक कंपनी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने पिछले महीने कहा था कि उसे उम्मीद है कि IT कंपनियां हायरिंग कम कर देंगी. टाटा ग्रुप की यह कंपनी अपने वर्कफोर्स में कर्मचारियों और AI एजेंटों की संख्या बराबर करने की दिशा में काम कर रही है. पिछले जुलाई में, कंपनी ने 12,000 से ज़्यादा नौकरियां कम की थीं, जबकि मार्च 2026 में खत्म हुए फाइनेंशियल ईयर में कुल कर्मचारियों की संख्या में 23,000 से ज़्यादा की कमी आई थी.
इन सेक्टर में बढ़ी हायरिंग
रिपोर्ट में कहा गया है कि 14 सेक्टरों में AI और मशीन लर्निंग की नौकरियों में 25% की बढ़ोतरी हुई है. इसमें बताया गया है कि इस दौरान इंश्योरेंस और कंज्यूमर गुड्स सेक्टर में नौकरियों की हायरिंग में सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी देखी गई.
रॉयटर्स की रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं