अगर आप डेटा एनालिसिस और एआई से जुड़े काम करना जानते हैं तो ये खबर आपके काम की है. राजस्थान में पुलिस सेवा को आधुनिक बनाने के लिए ऐसे युवाओं की भर्ती की जाएगी. इन विशेषज्ञ युवाओं की सेवाएं लेकर क्राइम कंट्रोल, सड़क सुरक्षा, नशा नियंत्रण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को मजूबत बनाने पर जोर दिया जा रहा है. डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिसिंग को आधुनिक, तकनीक-संचालित और डेटा आधारित बनाने के लिए 'यंग प्रोफेशनल्स' के पदों पर भर्ती होगी.
इन पदों पर होगी भर्ती
क्राइम डेटा एनालिस्ट, नवीन न्याय संहिताओं की मॉनिटरिंग, रोड सेफ्टी, ड्रग कंट्रोल और 'एआई इन पुलिसिंग' के लिए एक-एक यानी कुल 5 पदों पर भर्ती की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को ₹45,000 प्रतिमाह का निश्चित मानदेय दिया जाएगा. उनकी नियुक्ति एक वर्ष के लिए कांट्रेक्ट बेसिस पर पुलिस मुख्यालय, जयपुर में की जाएगी.
जानिए कैसे कर सकते हैं अप्लाई
इन पदों के लिए आवेदन पत्र का प्रारूप, निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयुसीमा और अन्य सभी जानकारी राजस्थान पुलिस की वेबसाइट https://police.rajasthan.gov.in/ पर उपलब्ध है. इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों की एक पीडीएफ तैयार कर adgp.reorganisation@rajpolice.gov.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं. आवेदन ऑफलाइन भी लिए जाएंगे, जिसका पता कमरा संख्या-217, सेकंड फ्लोर, पुलिस मुख्यालय, लालकोठी (जयपुर) है. ऑफलाइन आवेदन के लिए व्यक्तिगत रूप से या डाक भेज सकते हैं.
3 चरणों में होगा एग्जाम
आवेदन पत्र विज्ञापन प्रकाशित होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर आवेदन पुलिस मुख्यालय में प्राप्त होना जरूरी है. अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की जांच के बाद लिखित परीक्षा, प्रैक्टिकल और इंटरव्यू के जरिए होगा. अगर इस नोटिफिकेशन में कोई बदलाव होता है, तो वह बदलाव विभाग की वेबसाइट पर अपडेट कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः ISRO में सीधे मिलेगी नौकरी, 462 अप्रेंटिस पदों के लिए 25 जुलाई को इंटरव्यू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं