किसान आंदोलन (Farmers Protest) और कृषि कानूनों को लेकर संसद में विपक्ष का सरकार को घेरने की कोशिश जारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की ओर से संसद में कृषि कानूनों पर पक्ष रखने के बावजूद विपक्षी पार्टियां सड़क से लेकर संसद तक मोदी सरकार पर हमलावर हैं. शुक्रवार को राज्यसभा में कृषि कानूनों को लेकर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस को खुली चुनौती दी. उन्होंने कहा कि नए कानून में कहां लिखा है कि मंडियां खत्म होंगी और एमएसपी व्यवस्था समाप्त होगी.
इस बीच, किसान नेता मंजीत सिंह राय ने कहा कि हम शुक्रवार को राजस्थान में सारे टोल प्लाजा फ्री करवाएंगे ताकि सरकार को ये दिखा सकें कि ये सिर्फ पंजाब और हरियाणा का आंदोलन नहीं है.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने किसान आंदोलन और रोजगार के मसले पर गुरुवार को सरकार को कठघरे में खड़ा किया. राहुल ने कहा कि आज हमारा देश रोज़गार पैदा नहीं कर सकता है, कल भी नहीं कर पाएगा, क्योंकि आपने (केंद्र सरकार ने) देश की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी है...यह किसानों का नहीं, देश का आंदोलन है, जिसे किसान सिर्फ रास्ता दिखा रहा है, अंधेरे में टॉर्च दिखा रहा है.