विज्ञापन
This Article is From Nov 05, 2015

मौसम की करवट : दिल्ली में बारिश, छायी हुई है बदली; कश्मीर में बर्फबारी, जो रहेगी अभी जारी

मौसम की करवट : दिल्ली में बारिश, छायी हुई है बदली; कश्मीर में बर्फबारी, जो रहेगी अभी जारी
कश्मीर में हुई बर्फबारी का दृश्य
देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे। न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में आंशिक रूप से बदली छाने के आसार जताए हैं। राजधानी दिल्ली में सुबह कई इलाकों में बारिश भी हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, 'कुछ इलाकों में आंधी के हालात बन सकते हैं। सुबह के समय धुंधलका या हल्की धुंध रहेगी।'

दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे वातावरण में 80 फीसदी आद्रता दर्ज की गई। वहीं, एक दिन पहले यानी बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कश्मीर में हुई बर्फबारी, बारिश, अगले कुछ दिनों में और होने का अनुमान...
गुलमर्ग के मशहूर स्की-रिसॉर्ट सहित कश्मीर के अधिकांश उंचाई वाले स्थानों पर रात भर ताजा बर्फबारी हुई जबकि घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश हुई है।
 

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश और उंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी आज और कल भी जारी रहने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया, गुलमर्ग के ऊंचाई वाले स्थानों पर पहले भी बर्फबारी हो चुकी है। निचले इलाकों में इस मौसम में पहली बार बर्फबारी हुई है।

उन्होंने बताया कि स्की रिसॉर्ट में करीब डेढ़ इंच बर्फ की मोटी परत जम गयी है। उन्होंने बताया कि 10.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। मुगल रोड, सोनमर्ग, अमरनाथ गुफा, जेड-गली, साधना टॉप और राजदान पास सहित शोपियां के ऊंचाई वाले स्थानों पर भी ताजा बर्फबारी हुई है।

घाटी को देश के शेष हिस्सों से जोड़ने वाले वैकल्पिक राजमार्ग और श्रीनगर-लेह राजमार्ग से जोड़ने वाली मुगल रोड बंद हो गई है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है।

जम्मू कश्मीर के ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रात के दौरान 8.8 मिली मीटर बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि उत्तर में कुपवाड़ा में 23.3 मिलीमीटर और दक्षिण में पहलगाम में 3.6 मिलीमीटर बारिश हुई है।

पटना में मौसम साफ...
वहीं, बिहार में राजधानी पटना और इसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार सुबह मौसम साफ है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बदली छाने और अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक, राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री, भागलपुर में 21.8 डिग्री तथा पूर्णिया एवं गया में 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी पटना में दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, एक दिन पहले यानी बुधवार को पटना में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री, गया में 31.5 डिग्री और पूर्णिया में 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

(इनपुट भाषा एजेंसी से भी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
दिल्ली का मौसम, मौसम, बारिश, कश्मीर बर्फबारी, Delhi Weather, Rain, Kashmir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com