मुलायम के जन्मदिन पर सैफई में चल रही जोरदार तैयारियां, संगीत का जादू बिखेरेंगे ए.आर. रहमान

मुलायम के जन्मदिन पर सैफई में चल रही जोरदार तैयारियां, संगीत का जादू बिखेरेंगे ए.आर. रहमान

सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव (फाइल फोटो)

लखनऊ/सैफई:

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव 21 नवंबर को अपने 76वें जन्मदिन पर इस बार अपनों के बीच रहेंगे। उनके जन्मदिन का जश्न उनके गांव सैफई में जोरदार तैयारी चल रही है। इसकी कमान स्वयं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संभाल रखी है। जश्न में मशहूर संगीतकार एआर रहमान अपने संगीत का जादू बिखेरेंगे। मुलायम के जन्मदिन के जश्न में फिल्म, उद्योग, राजनीति और अन्य क्षेत्रों की देश की जानी-मानी हस्तियों समेत करीब एक लाख लोग शरीक होंगे।

मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान 300 लोगों की टीम के साथ संगीत का जादू बिखेरेंगे। देश के और भी जाने-माने कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। सपा सूत्रों के अनुसार, मुख्य समारोह 21 नवंबर को शाम सात बजे से आधी रात के बाद तक चलेगा। समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। सैफई का एथलेटिक्स स्टेडियम सपा के रंग में रंगा दिखने लगा है।

स्टेडियम में एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। बड़ी संख्या में मेहमानों के आगमन को देखते हुए गेस्ट हाउसों का रखरखाव किया जा रहा है। सैफई को सजाने-संवारने में इवेंट कंपनी की टीम अभी से जुट गई है। एआर रहमान की टीम के मैनेजर भी स्टेडियम का निरीक्षण कर चुके हैं। इस बीच सपा ने नेताजी (मुलायम सिंह) का जन्म दिन इस बार पूरे प्रदेश में समारोहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया है। 22 नवंबर को हर जनपद में बूथ से लेकर जिला मुख्यालय स्तर पर समारोह होंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बताया जा रहा है कि मुलायम सिंह की इच्छा थी कि इस बार वह अपना जन्मदिन सैफई में 'अपनों' के बीच मनाएं। पहले कभी उनके जन्मदिन पर सैफई में बड़ा समारोह नहीं हुआ। पिता की इच्छा को भांपकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तत्काल भव्य समारोह की तैयारियां शुरू कराई है। उनके निर्देश पर मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप सिंह, बदायूं से सांसद धर्मेद्र यादव और परिवार के अन्य सदस्य जन्मदिन समारोह की तैयारियों को अमली जामा पहनाने में जुटे हुए हैं।