भारत माता की जय बोलने के लिए लोगों को जिंदा रहना चाहिए : शिवसेना

भारत माता की जय बोलने के लिए लोगों को जिंदा रहना चाहिए : शिवसेना

शिवसेना ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आड़े हाथ लिया (फाइल फोटो)

मुंबई:

राज्य में व्याप्त सूखे को लेकर निराशाजनक तस्वीर उभरने के बीच 'भारत माता की जय' की टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आड़े हाथ लेते हुए सत्तारूढ़ शिवसेना ने कहा कि भारत समर्थक नारा लगाने के लिए लोगों को पहले जीवित रहना चाहिए।

शिवसेना के मुखपत्र सामना में पार्टी ने कहा, 'बेहतर होता कि वह (फडणवीस) पहले यह युद्धघोष करते कि वह हर घर, महाराष्ट्र के प्रत्येक गांव में पेयजल पहुंचाएंगे वर्ना मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे।' संपादकीय में तंज करते हुए कहा गया, 'भारत माता की जय बोलना चाहिए, लेकिन उसके लिए आदमी को पहले जीवित होना चाहिए।' उन्होंने कहा, 'वर्तमान में, भारत माता की जय को लेकर राजनीति पूरे जोरों से चल रही है। मेरी मुख्यमंत्री की कुर्सी जाने दो, लेकिन मैं भारत माता की जय का नारा लगाऊंगा... मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया अच्छा अह्वान है। लेकिन भारत माता की संतानें पानी को लेकर भटक रही हैं, परेशान हैं, एक दूसरे का खून करने जैसी घटनाएं तक हो रही हैं।'

पार्टी ने याद दिलाया कि युवा नक्सलवाद की ओर जा रहे हैं और अन्याय के खिलाफ हथियार उठा रहे हैं। शिवसेना ने सवाल किया, 'क्या मराठवाड़ा के लोग एक घूंट पानी के लिए हथियार उठाएंगे और आतंकवादी बन जाएंगे।' संपादकीय में कहा गया, 'अगर ऐसा हुआ तो भारत माता की जय का कोई अर्थ नहीं रहेगा। अगर लोग खुश रहेंगे तो भारत माता प्रसन्न रहेंगी।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)