विज्ञापन
This Article is From Aug 07, 2020

PM मोदी कल करेंगे ‘राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र’ का उद्घाटन, देशभर के 36 स्कूली बच्चों से करेंगे बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को स्वच्छ भारत मिशन को केंद्र में रखकर बनाए गए ‘राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र’ का उद्घाटन करेंगे. यह केंद्र मोदी सरकार के इस बहुचर्चित मिशन पर इंटरैक्टिव एक्सपीरियंस यानी परस्पर संवादात्‍मक अनुभव आधारित होगा. इस सेंटर को महात्मा गांधी को समर्पित किया गया है.

PM मोदी कल करेंगे ‘राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र’ का उद्घाटन, देशभर के 36 स्कूली बच्चों से करेंगे बातचीत
PM मोदी ने 2017 में की थी इस केंद्र की घोषणा, अब करेंगे उद्घाटन.
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को स्वच्छ भारत मिशन को केंद्र में रखकर बनाए गए ‘राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र' (Rashtriya Swachhta Kendra) का उद्घाटन करेंगे. यह केंद्र मोदी सरकार के इस बहुचर्चित मिशन पर इंटरैक्टिव एक्सपीरियंस यानी परस्पर संवादात्‍मक अनुभव आधारित होगा. इस सेंटर को महात्मा गांधी को समर्पित किया गया है. पीएम मोदी ने राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र (आरएसके) की सबसे पहले घोषणा 10 अप्रैल, 2017 को गांधीजी के चम्पारण ‘सत्याग्रह' के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर की थी. इस केंद्र में स्थित सभागार में भावी पीढ़ियों को स्वच्छ भारत मिशन की सफल यात्रा से रूबरू कराया जाएगा. एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि इस केंद्र में आने वाली पीढ़ियों को दुनिया के सबसे बडे़ 'बिहेयिवर चेंज कैंपेन', स्वच्छ भारत मिशन की सफल यात्रा के बारे में बताएगा. इस केंद्र में डिजिटल और आटडोर इंस्टॉलेशन का मिश्रण देखने को मिलेगा. यहां लोगों को स्वच्छता और इससे जुड़े दूसरे पहलुओं पर जानकारी और शिक्षा के साथ-साथ जागरूक बनने का भी मौका मिलेगा.

बयान के मुताबिक, राजघाट के पास स्थित राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र का दौरा करने के बाद पीएम मोदी सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए आरएसके के सभागार में दिल्ली के 36 स्कूली छात्रों से बातचीत करेंगे जो 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करेंगे. इसके बाद वह राष्ट्र के नाम अपना संबोधन देंगे. 

यह भी पढ़ें: राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 21वीं सदी के नए भारत की नींव रखेगी, PM मोदी ने कहीं 10 बड़ी बातें

बयान में कहा गया है कि सभागार नंबर एक में दर्शक 360 डिग्री का अनूठा ऑडियो-विजुअल कार्यक्रम देखेंगे, जिसमें भारत की स्वच्छता की कहानी यानी दुनिया के इतिहास में लोगों की आदतों में बदलाव लाने वाले सबसे बड़े अभियान की यात्रा दिखाई जाएगी. सभागार नंबर दो में कई माध्यमों से स्वच्छ भारत के गांधी के सपने को हासिल करने के लिए किए गए कामों की कहानी बयां की जाएगी.

बयान में कहा गया है कि 'स्वच्छ भारत मिशन ने भारत में ग्रामीण स्वच्छता की सूरत बदल दी और 55 करोड़ से अधिक लोगों की खुले में शौच करने की आदत को बदल दिया और वे शौचालयों का इस्तेमाल करने लगे. भारत को इसके लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से काफी सराहना मिली और हमने दुनिया के लिए एक नजीर पेश की.' इसमें कहा गया है कि यह मिशन दूसरे चरण में है जिसका उद्देश्य भारत के गांवों को खुले में शौच से मुक्त करना है.

(भाषा से इनपुट के साथ)

Video: नई शिक्षा नीति में 'क्या' नहीं बल्कि 'कैसे' सोचें पर फोकस : PM मोदी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rashtriya Swachhata Kendra, PM Modi, Swachha Bharat Mission
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com