विज्ञापन
This Article is From Oct 18, 2018

#MeToo : मूक-बधिर महिला ने इशारों में बताई पीड़ा, चार फौजियों पर मामला दर्ज

पुणे में सेना के एक अस्पताल में काम करने वाली 34 वर्षीय मूक-बधिर महिला के साथ दुष्कर्म करते रहे सैन्य कर्मी

#MeToo : मूक-बधिर महिला ने इशारों में बताई पीड़ा, चार फौजियों पर मामला दर्ज
प्रतीकात्मक फोटो.
  • महिला ने वीडियो काल के जरिए बताई आपबीती
  • इशारों में समझाया कि उसका यौन उत्पीड़न किया गया
  • रक्षा मंत्री और सेना के अफसरों को जानकारी देने पर मामला दर्ज
इंदौर: पुणे में सेना के एक अस्पताल में काम करने वाली 34 वर्षीय मूक-बधिर महिला के साथ दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के आरोपों में मंगलवार रात को चार फौजियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. महिला ने इशारों में अपने साथ हुए हादसे की जानकारी वीडियो काल के जरिए दी थी.

इंदौर के तुकोगंज थाने में मूक-बधिर व्यक्तियों की मदद के लिए चलाए जा रहे पुलिस सहायता केंद्र के मुख्य समन्वयक ज्ञानेंद्र पुरोहित ने बुधवार को बताया कि पीड़ित महिला ने वीडियो कॉल के जरिए जून में उनसे सम्पर्क कर इशारों से अपने कथित यौन शोषण के बारे में बताया था. पुरोहित ने महिला के हवाले से बताया कि पुणे के खड़की स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल के चार फौजी सहकर्मियों ने वहां भिन्न-भिन्न मौकों पर डरा-धमकाकर उसका यौन शोषण किया.

महिला ने अस्पताल में काम करने वाले कुछ लोगों को इशारों में आपबीती बताने की कोशिश भी की. लेकिन वे उसकी बात समझ नहीं सके. सांकेतिक भाषा के जानकार ने बताया कि उन्होंने पांच जुलाई को पुणे के इस मिलिट्री हॉस्पिटल जाकर अस्पताल प्रशासन को महिला की शिकायत के बारे में बताया. इसके साथ ही, मिलिट्री हॉस्पिटल के कमांडेंट को औपचारिक पत्र सौंपकर उनसे अनुरोध किया था कि मामले में उचित कदम उठाए जाएं.

यह भी पढ़ें  : भोपाल : मूक बधिर बच्चों ने हॉस्टल संचालक पर लगाया यौन उत्पीड़न और हत्या का आरोप, गिरफ्तार

पुरोहित की पत्नी मोनिका भी मूक-बधिर समुदाय के हितों के लिए काम करती हैं और सांकेतिक भाषा की जानकार हैं. उन्होंने बताया कि मोनिका ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और फौज के आला अधिकारियों को छह अगस्त को ई-मेल भेजकर इस घटना की जानकारी दी थी. इस ई-मेल के जरिए उस वीडियो का लिंक भी भेजा गया था जिसमें पीड़ित महिला अपने यौन शोषण की कथित दास्तां इशारों की जुबान में बयां करती दिखाई दे रही है.

VIDEO : छात्रावास संचालक पर मूक-बधिर युवती का रेप करने का आरोप

पुरोहित ने कहा, "पीड़ित महिला अपने जन्म से ही बोल और सुन नहीं सकती. उसके पति का पिछले साल निधन हो चुका है. उसकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद हमें लग रहा है कि उसकी सहायता के लिए हमारे प्रयास सफल हो गए. हम चाहते हैं कि उसे आगे भी इंसाफ मिले."
(इनपुट भाषा से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rape Of Mute And Deaf Woman
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com